DNN बद्दी
झाड़माजरी के एक दवा उद्योग नियोल फार्मा में पिछले चार माह से वेतन न मिलने से तंग कामगारों ने इंटक के नेतृत्व में श्रम कार्यालय के बाहर नारेबाजी की । इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम ठाकुर व जिला उपाध्यक्ष जसविंद्र चौहान ने बताया कि उक्त उद्योग में ठेकेदारी प्रथा जोरों पर है व उद्योग में कामगारों को ई.एस.आई. व पी.एफ. तक की सुविधा नहीं है। बड़ी हैरानी की बात है कि कामगारों को पिछले चार महीनों से वेतन तक नहीं दिया जिसके चलते कामगारों का दुकानों से राशन बंद हो गया व मकान मालिकों ने मकान खाली करवाने का अल्टीमेटम दिया। श्रम कार्यालय को शिकायत देने के बावजूद भी कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई जा रही है। उद्योग के कामगारों रविंद्र, सुशील, कप्तान, कुलदीप, सचिन, भरत, यासमिन, संगीता, नगमा , रूखसार, शिवानी, सलौनी, सरस्वती, नीलम, शुभम व मीना देवी ने बताया कि चार महीने से यह लोग ठेकेदार की मिन्नतें कर रहे हैं परन्तु वो उन्हे वेतन देने को तैयार नहीं है व यही धमकी दे रहा है कि जहां जाना है जाओ। वेतन न मिलने के चलते उन्हें रोटी के लाले पड़ चुके हैं। वहीं इंटक नेताओं का कहना है कि अगर ठेकेदार न जल्द कामगारों को वेतन व अन्य सुविधाएं नहीं दी तो वो श्रम कार्यालय व उद्योग का घेराव करेंगे। इसके बारे में जब श्रम अधिकारी बद्दी मनीश करोल कहना है कि उन्हें कहा कि आज ही उन्हें शिकायत मिली है व श्रम निरिक्षक को ठेकेदार को बुलाकर कामगारों के वेतन का भुगतान करने के निर्देश दे दिए गये हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही कामगारों के वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।


















