समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य

Kangra Politics

 

DNN धर्मशाला

वन, परिवहन व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने रविवार को कांगड़ा के तियारा में आयोजित जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जनमंच के माध्यम से प्रदेश सरकार ने लोगों के घरद्वार पर उनकी समस्याओं के तुरंत समाधान की व्यवस्था की है। सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर द्वारा आरंभ किए गए इस अभिनव कार्यक्रम का पूरा लाभ उठाने का आग्रह किया।
इससे पहले, गोविंद सिंह ठाकुर ने प्रातः 11 बजे कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के तियारा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के परिसर में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कांगड़ा ब्लॉक व रैत ब्लॉक की कुल 10 पंचायतों के लोगों की समस्याओं का निदान किया गया। इनमें तियारा, समीरपुर खास, सलोल, चकवन समीरपुर, तरखानगढ़, वैदी, डुगयारी, सनौरा, भड़ियारा और मेहरना पंचायतें शामिल रहीं। कार्यक्रम में करीब 2000 लोगों ने भाग लिया।
इस मौके वन मंत्री ने जनमंच को जनता का अपना मंच बताया और कहा कि जनमंच कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का घरद्वार निपटारा करना है ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। सरकार ने लोगों की समस्याओं को जानने और समस्याओं को दूर करने के लिए प्रदेश के सभी हलकों में प्रत्येक माह जनमंच कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिसमें एक मंत्री की मौजूदगी में सभी विभाग मौक पर मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का निदान करेंगे। उन्होंने कहा कि जो शेष समस्याएं रहेंगी, उन्हें भी समयबद्ध निपटारे के साथ लोगों का सूचित किया जायेगा।

News Archives

Latest News