कृषि मंत्री मारकंडा ने की दाड़लाघाट के लिए ये घोषणा, किसान खुश

Arki Politics

DNN दाड़लाघाट (आशीष)
कृषि, जनजातीय विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डा. रामलाल मारकंडा ने युवाओं का आह्वान किया है कि वे नशे से दूर रहें और कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों को सीख कर इनमें नियमित रूप से भाग लें। डा. रामलाल मारकंडा आज सोलन जिले के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में आयोजित दंगल के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
डा. मारकंडा ने कहा कि कुश्ती जैसे भारतीय खेल न केवल संपूर्ण व्यायाम है अपितु वर्तमान समय में व्यवसायिक रूप से भी अत्यंत लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को कुश्ती को नियमित रूप से खेलना चाहिए ताकि उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास उचित हो। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी नशे से दूर रखें।

कृषि मंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार गांवों के क्रमिक विकास के लिए वचनबद्ध है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए गांवों में बेहतर सिंचाई व्यवस्था उपलब्ध करवाने पर बल दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने हिमाचल जैसी दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में गांव-गांव में सिंचाई सुविधा प्रदान करने के लिए लघु सिंचाई योजनाओं के अंतर्गत इस वर्ष 277 करोड़ रुपये खर्च करने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार अगले पांच वर्षों में सौर सिंचाई योजना पर 200 करोड़ रुपये व्यय करेगी। किसानों को पारंपरिक एवं प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस वर्ष नई योजना प्राकृतिक खेती-खुशहाल किसान पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। डा. मारकंडा ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र एवं दाड़लाघाट क्षेत्र की विभिन्न मांगों को समयबद्ध पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 बीघा जमीन उपलब्ध होते ही दाड़लाघाट में कृषि एवं उपज मंडी का निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा इसके लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने दंगल समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की।

अर्की के पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा और विकास एक दूसरे के पर्याय हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में अर्की विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित होगा।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान सुरेंद्र शुक्ला, उपप्रधान लेखराज चंदेल, खंड विकास समिति कुनिहार के उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर, स्थानीय मेला समिति के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ सोलन के अध्यक्ष नरेंद्र चौधरी, उपप्रधान मेला समिति मोहन ठाकुर, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य बालक राम शर्मा, उपनिदेशक कृषि डॉ. रामनाथ ठाकुर, अन्य गणमान्य व्यक्ति, भाजपा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

News Archives

Latest News