गर्मी बढ़ने से श्री रेणुका जी में पर्यटकों का तांता, सैलानी बोले-बड़े सत्कार के साथ पहाड़ देते हैं निमंत्रण

Himachal News Others Sirmaur

DNN श्री रेणुका जी

17 अप्रैल। इस समय देश के विभिन्न मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी देखने को मिल रही है। लिहाजा गर्मी से निजात पाने के लिए इन दिनों पर्यटक देवभूमि हिमाचल का रूख कर रहे हैं। इसी के तहत सिरमौर जिला के श्री रेणुका जी में भी बड़ी संख्या में विभिन्न राज्यों से पर्यटक पहुंच रहे हैं।
दरअसल श्री रेणुका जी भगवान परशुराम की जन्मस्थली होने की वजह से धार्मिक महत्व के लिए जानी जाती है। साथ ही मां रेणुका जी के रूप में प्रदेश की सबसे बड़ी नारी आकारा में प्राकृतिक झील भी यहां एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहती है। ऐसे में यहां गर्मी से निजात पाने, छुट्टियों का आनंद लेने के लिए घूमने हेतू बड़ी संख्या में पर्यटकों का आवागमन जारी है। खासकर वीकेंड पर यहां पर्यटकों की अच्छी खासी तादाद देखने को मिल रही है। बंगाल, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा से पर्यटक यहां की शांत वादियों में घूमने का आनंद ले रहे हैं और यहां के प्राकृतिक सौंदर्य को देखकर अत्यंत उत्साहित देखे जा सकते हैं।
बातचीत में पर्यटकों ने बताया कि इस क्षेत्र में पहाड़ ऐसे लगते हैं, मानों वह यहां आने का निमंत्रण दे रहे हो। साथ ही इलाके में स्वच्छता, पवित्र झील, चिड़ियाघर इत्यादि सुविधाओं का वह भरपूर आनंद उठा रहे हैं। श्री रेणुकाजी एक ऐसा स्थान है, जोकि चंडीगढ़, दिल्ली आदि से लोगों के लिए नजदीक भी पड़ता है और साथ ही यहां का अनुपम सौंदर्य पर्यटकों को बरबस आकर्षित करता रहा है। शायद यही कारण है कि इन दिनों यहां पर भारी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।
एक पर्यटक ने बताया कि वह पहली बार यहां पर बंगाल से पहुंचे हैं और यहां पर इतनी शांति है कि उनका सारा तनाव खत्म हो गया है और वह दोबारा फिर यहां आना चाहेंगे।
एक अन्य पर्यटक ने कहा कि फेसबुक व यूटयूब के दबाव से मुक्ति पाने के लिए यह स्थान बहुत उपयोगी साबित हो रहा है और मन बहुत शांत हो रहा है।
वहीं एक ओर पर्यटक ने बताया कि रेणुका जी बहुत ही अच्छा स्थान है और पर्यटन विभाग ने यहां पर बहुत सराहनीय कार्य किया है, जिससे पर्यटकों को बहुत सुविधा मिल रही है।

News Archives

Latest News