DNN मनाली
30 अगस्त। जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली के वन विहार में अब तेलुगू फिल्म की शूटिंग शुरू हो गई है। फिल्म यूनिट सुबह 5:00 बजे ही वन विहार पहुंच गई और वहां पर अब फिल्म की शूटिंग कर सिलसिला शुरू हो गया है। फिल्म की शूटिंग में बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी व वरुण तेज भी भाग ले रहे हैं। इस दौरान सुनील शेट्टी ने सुबह वन विहार में घूम रहे युवाओं के साथ भी मुलाकात की। स्थानीय युवाओं ने सुनील शेट्टी को बताया वह सेना में भर्ती होने के लिए सुबह सुबह वन विहार में दौड़ते हैं। वही, सुनील शेट्टी भी यह जानकर बहुत खुश हुए कि मनाली के युवा भी सेना में भर्ती होने के लिए सुबह सुबह पसीना बहा रहे हैं। सुनील शेट्टी को जब युवाओं ने बताया कि वे सेना में भर्ती होने के लिए सुबह सुबह तैयारी कर रहे हैं तो वह काफी खुश हुए व उन्हें सेल्यूट किया। मनाली वन विहार में सुबह पांच बजे ही शूटिंग यूनिट ने डेरा डाल दिया था। शूटिंग यूनिट के आने से वन विहार चहक उठा। जैसे ही लोगों को पता चला कि शूटिंग को लेकर सुनील शेट्टी मनाली के वन विहार आ रहे हैं तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सुनील शेट्टी सुबह सात बजे ही शूटिंग स्थल पर पहुंच गए। फ़िल्म यूनिट की माने तो समय की कमी होने के कारण कम समय में अधिक दृश्य फिल्माने के चलते सुबह सात बजे से लेकर शाम सात बजे तक शूटिंग की जा रही है। सुबह ही सुनील शेट्टी पर मनाली के वन विहार में दृश्य फिल्माए गए और सुनील को वन विहार में अकेले ही टहलते हुए दिखाया गया।