DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
06 मई। जिला सोलन के कोठों पंचायत में रहने वाला एक परिवार आवास योजना की राह ताक रहा है। परिवार के पास न तो जमीन है और न ही रहने के लिए आवास है। इसको लेकर परिवार को दरदर की ठोकरें खानी पड़ी रही है। यूं तो सरकार द्वारा ऐसे परिवारों को नियमों के तहत जमीन व आवास का आबंटन किया जाता है, लेकिन इस परिवार को अभी तक कोई भी लाभ नहीं दिया गया है। परिवार के सदस्य स्थानीय पंचायत को भी इस बाबत बता चुकी है। इससे सरकार द्वारा दी जाने वाली योजनाओं के दावे की फिर पोल खुलती दिखाई दे रही है। गुरुवार को भी महिला उपायुक्त के पास गुहार के लिए पहुंची और पत्र सौंपा है। वहीं, महिला का आरोप यह भी है कि वोट मांगने के लिए तो नेता हमसे आवास दिलाने का वादा कर जाते है, लेकिन बाद में सब कुछ भूल जाते है।
पुष्पा देवी सोलन के साथ लगते गांव कोठों, शामती की रहने वाली है। इस महिला के परिवार में कुल 12 सदस्य है और यह परिवार झुग्गी में अपना रेन-बसेरा कर रहा था। बीते दिनों हुई बारिश के कारण झुग्गी में इस परिवार का रहना कठिन हो गया। इसके बाद परिवार ने कुछ दिन के लिए किसी के आशियाने में अपना सर ढकने किराए पर लिया है। उधर, परिवार के सदस्य दिहाड़ी-मजदूरी कर पालन-पोषण कर रहे है। इस कारण परिवार जमीन न होने के चलते अपना आशियाना बनाने के लिए असमर्थ है। इस दौरान उपायुक्त सोलन से भी परिवार ने मांग की है कि उन्हें सरकार की आवास स्कीम के तहत 03 बिस्वा भूमि गांव कोठों, शामती में दी जाए, ताकि परिवार को सर ढ़कने की जगह मिल पाए।















