Dnewsnetwork
सोलन, 16 अक्तूबर : जिला सोलन में वाहन चोरी के मामले में पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वीरेंद्र कुमार (26) निवासी गांव गुसान, डाकघर गड़खल, तहसील कसौली, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी से संबंधित छह मामले और उद्घोषित अपराधी से संबंधित दो मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोलन निवासी विशाल सूद ने 12 अक्टूबर 2026 को पुलिस थाना सदर सोलन में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 11 और 12 अक्टूबर की मध्यरात्रि को आंजी रबोन में खड़ी उनकी पिकअप गाड़ी को कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी करके ले गया। शिकायतकर्ता ने चोरी हुई गाड़ी की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके मामले की जांच शुरू की।
धर्मपुर में चोरी के सामान के लिए इस्तेमाल हुई थी पिकअप
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि चोरी हुई पिकअप गाड़ी का इस्तेमाल उसी रात धर्मपुर क्षेत्र में चोरी का सामान रखने के लिए किया गया था। इस मामले में पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मामले में आगे की जांच करते हुए पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने 14 अक्टूबर 2026 को वीरेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं आठ मामले
पुलिस द्वारा आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि उसके विरुद्ध विभिन्न पुलिस थानों में चोरी से संबंधित छह मामले तथा उद्घोषित अपराधी से संबंधित दो मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को 15 अक्टूबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाना था। फिलहाल, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आगे की जांच में चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जाएगा।














