डीएनएन कसौली
कसौली के विधायक डॉ. राजीव सैजल के प्रदेश सरकार में मंत्री बनते ही कसौली निर्वाचन क्षेत्र में एसडीएम कार्यालय खोलने की वर्षो पुरानी मांग के अब पूरा होने की उम्मीद जगी है। एसडीएम कार्यालय न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को एसडीएम कार्यालय से संबंधित कार्यो के लिए 50 से 60 किलोमीटर से भी अधिक का सफर तय कर सोलन आना पड़ रहा है। इससे जहा समय बर्बाद होता है वहीं आर्थिक नुकसान भी होता है। कसौली तहसील मुख्यालय में उपमंडल कार्यालय खोलना समय की माग बन चुकी है।
सोलन जिला में पांच में से तीन निर्वाचन क्षेत्रों में चार एसडीएम कार्यालय हैं। सोलन निर्वाचन क्षेत्र के सोलन व कंडाघाट में एक-एक एसडीएम कार्यालय हैं। अर्की व नालागढ़ निर्वाचन क्षेत्र में भी एसडीएम कार्यालय हैं। केवल कसौली व दून निर्वाचन क्षेत्र ही एसडीएम ऑफिस से वंचित हैं। लोगों का कहना है कि लाइसेंस, मैरिज रजिस्ट्रेशन, जमीन संबंधी कार्य, एसडीएम कोर्ट से संबंधित कार्यो की करवाने के लिए सोलन जाना पड़ता है, ऐसे में यदि कसौली में ही एसडीएम कार्यालय खुल जाए तो लोगों की अधिकतर समस्याएं मौके पर ही निपट जाएंगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने चुनावी घोषणापत्र में कसौली में एसडीएम कार्यालय खोलने को प्राथमिकता में रखा है। अब कैबिनेट मंत्री बनने के बाद लोगों की उम्मीद जग गई है। पूर्व सरकार के समय भी उन्होंने शिमला में मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में कसौली में एसडीएम कार्यालय खोलने की मांग को अपनी विधायक प्राथमिकता में रखा था।















