DNN कुल्लू
17 जनवरी। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा ने पंचायती राज संस्थानों के लिए प्रथम चरण के मतदान के दिन रविवार को मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। वह सुबह से विभिन्न मतदान केन्द्रों में कानून व व्यवस्था का जायजा लेने तथा मतदाताओं द्वारा कोविड नियमों की अनुपालना को सुनिश्चित बनाने को लेकर सक्रिय रही। उपायुक्त ने मतदान केन्द्रों पर चुनाव ड्यिूटि में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से भी बातचीत की और उनके लिए सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कानून व व्यवस्था का दायित्व देख रहे पुलिस व होमगार्ड के जवानों से भी बातचीत की। उपायुक्त स्थानीय लोगों व मतदाताओं से बातचीत के दौरान काफी सहज दिखी।
कुल्लू के मोहल मतदान केन्द्र के दौरे के दौरान उपायुक्त ने कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी हुई कि सभी मतदाता मास्क पहने थे और सामाजिक दूरी को लेकर काफी सजग दिखे। मतदाता सयंमपूर्ण अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे और एक-दूसरे से काफी दूरी पर खड़े थे। हालांकि कुछ लोग मतदान केन्द्र से काफी दूरी पर भी बतियाते नजर आएं। विभिन्न मतदान केन्द्रों पर लगभग यही नजारा देखने को मिला।
कुछ मतदान केन्द्रों में मतदाताओं का अपने मत का उपयोग करने को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया। उपायुक्त ने मतदाताओं से पहले ही अपील कर दी थी कि वे चुनाव रूपी महायज्ञ में अपने मत की आहूति देकर लोकतंत्र को और अधिक मजबूत करने में अपना योगदान करें। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से भी बात की और उनका हौंसला व मनोबल बढ़ाती दिखी।
डाॅ. ऋचा वर्मा ने कहा कि कम तापमान के चलते प्रातःकाल मतदाताओं का रूझान कुछ कम दिखा। प्रातः 10 बजे तक जिला में 13.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोपहर 12 बजे तक मतदान की दर लगभग 38 प्रतिशत तक पहुंच गई और जैसे दिन चढ़ता गया बाद दोपहर दो बजे तक मतदान 62 फीसदी तक पहुंच गया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रथम चरण में रविवार को जिला की 81 ग्राम पंचायतों में चुनाव हुए। दूसरे चरण का मतदान 19 को जबकि तीसरे चरण का मतदान 21 जनवरी, 2021 को सम्पन्न करवाया जाएगा।















