DNN कुल्लू
26 अक्तूबर। देव समाज जिला कुल्लू कारदार संघ की बैठक शिक्षा, भाषा कला एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में अटल सदन के सभागार में आयोजित की गई जिसमें सदर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेन्द्र शौरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने सर्व प्रथम उपस्थित सभी कारदार संघ, गूर पुजारी संघ तथा बाजा बजंतरी संघ के समस्त प्रतिनिधियों तथा सदस्यों को अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बुराई पर अच्छाई की जीत, असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक पर्व दशहरा सबके जीवन में सम्पन्नता तथा खुशहाली लाए। उन्होंने कहा कि देवनीति को राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। समाज में सनसनी पैदा करने की बजाय परस्पर प्रेम एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सबको मिलजुल कर काम करना चाहिए ताकि समाज का कल्याण हो। उन्होंने कहा कि संस्कृति समाज को जोड़ने के लिए होती है और विकृति तोड़ने के लिए। इसलिए हम सब को संस्कृति को जोड़ने के लिए उसके संबर्द्धन व संरक्षण के लिए मिलजुल कर प्रयास करने चाहिए।
बैठक में देव समाज से सम्बंधित मांगों को लेकर विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने उपस्थित सभी देव समज के कारदार संघ, गूर पुजारी संघ तथा बजंतरी संघ के प्रतिनिध्रियों तथा सदस्यों को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा रखी गई सभी मांगों को लेकर नवम्बर माह में शिमला में आयोजित की जाने वाली बैठक में पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत देव समाज तथा सभी की सहमति के साथ कुल्लू दशहरा के आयोजन को लेकर निर्णय लिया गया तथा दशहरा उत्सव के दौरान शालीनता तथा अनुशासन के साथ सभी परम्पराओं का निर्वहन करते हुए सभी कारदार संघ तथा देव समाज से जुड़े लोगों ने मास्क तथा सामाजिक दूरी को अपनाकर कुल्लू देव संस्कृति का एक बेजोड़ उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसका प्रदेश तथा देश में कुल्लू देव संस्कृति का एक सकारात्मक संदेश गया।
इस अवसर पर सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी ने भी अपने-2 विचार व्यक्त किए तथा दशहरा उत्सव की जिला वासियों को शुभकामनाएं दीं। कारदार संघ के अध्यक्ष जय चंद ठाकुर तथा देव समाज के अन्य प्रतिनिधियों व सदस्यों ने भी देव संस्कृति के संबर्द्धन को लेकर अपने-2 बहुमूल्य सुझाव दिए।















