DNN मंडी ब्यूरो
23 अक्तूबर। नर्सिंग कालेज की छात्राओं ने आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर अगली कक्षा में प्रमोट करने की मांग प्रदेश सरकार से की है। इसको लेकर छात्राओं ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को लिखित पत्र भी सौंपा है। इससे पहले छात्राओं द्वारा शिक्षा मंत्री को भी ज्ञापन सौंपा है। पत्र के माध्यम से छात्राओं ने गुहार लगाई है कि उन्हें भी आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर अगली कक्षा में प्रमोट किया जाए। छात्राओं का कहना है कि उन्हें सूचना मिली है कि पोस्ट बीएससी तथा बीएससी नर्सिंग की परीक्षाएं ली जाएगी। उन्होंने बताया कि उनकी भी वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को लेकर पढ़ाई में काफी बाधा आई है और लॉक डाउन के दौरान इंटरनेट कनेक्टीविटी ने काफी परेशान किया है।
साथ ही उन्होंने पत्र के माध्यम से बताया कि शैक्षणिक सत्र अक्तूबर 2019 में शुरू हुआ था। इसके बाद जनवरी व फरवरी माह में शीतकालीन अवकाश हुआ था। इसके पश्चात मार्च माह में लॉक डाउन होने के पश्चात यह अपनी अध्यन्न सामग्री होस्टल में छोड़कर आ गए थे। लॉक डाउन में इन्हें ऑनलाइन माध्यम से कक्षाएं व शिक्षा तो दी गई, लेकिन अध्ययन सामग्री व नेट की समस्या के कारण उन्हें खासी परेशानी झेलनी पड़ी है। नर्सिंग कालेज की छात्राएं नेहा, दीक्षा, निशा, दीक्षा चौहान, अंशिका ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि उनकी इस समस्या की ओर ध्यान दिया जाए और उन्हें भी अन्य विश्विद्यालय की तरह आंतरिक मूल्यांकन के आधार अगली कक्षा में प्रमोट किया जाए ।














