DNN सोलन
लॉक डाउन व कर्फ्यू के दौरान अपने घर तक दवाई पहुंचाने को लेकर परेशान लोगों के लिए एक खुशी की खबर है। क्योंकि अब लोगों तक दवाई पहुंचाने का बीड़ा सोलन पुलिस ने उठा लिया है। इसके लिए बकायदा सोलन पुलिस ने एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जिसमें कोई भी व्यक्ति जाकर भेजे जाने वाली दवाएं व एड्रेस देकर पुलिस की सहायता से अपने घर तक दवा पहुंचा सकता है।
जानकारी के अनुसार कर्फ्यू व लॉक डाउन को लेकर जिला प्रशासन के पास लगातार लोग पास बनवाने के लिए आ रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो एक जगह से दूसरी जगह तक जाने का हवाला दवाओं को लेकर दे रहे हैं। लोग जिला प्रशासन के पास आ रहे हैं कि उन्हें घर तक दवाएं पहुंचानी है इसलिए उन्हें जाने के लिए पास दिए जाएं, लेकिन लॉक डाउन और कर्फ्यू के चलते सभी लोगों को ऐसे पास देना प्रशासन के लिए संभव नहीं है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने पुलिस विभाग को लोगों के घरों तक दवाई पहुंचाने का जिम्मा सौंपा है। दवाई पहुंचाने के लिए बकायदा एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जहां पर कोई भी व्यक्ति दवाई ले जाकर अपने घर का पता दे सकता है। पुलिस कंट्रोल रूम से दवाएं इन लोगों के घरों तक पहुंचाएगी।
सोलन जिला पुलिस के मीडिया प्रभारी व एएसपी शिवकुमार शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने एसपी कार्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है। यहां पर कोई भी व्यक्ति आकर दवाएं और अपने घर का पता दे सकता है। सोलन पुलिस विविन जरियों से यह दवाएं कम से कम समय के अंदर लोगों के घरों तक पहुंच जाएगी। ताकि लोग स्वस्थ रहें।















