DNN शिमला
केंद्र और राज्य सरकारों के निर्देशों के अनुसार हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने आगामी निर्देशों तक अंतर्राज्जीय और राज्य के भीतर सार्वजनिक परिवहन सेवाएं संचालित नहीं कर रहा है। एचआरटीसी के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि निगम की फिलहाल सार्वजनिक परिवहन सेवाएं शुरू करने की कोई भी योजना नहीं है। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया है कि इस संबंध में किसी अफवाह, सोशल मीडिया के संदेश और अन्य किसी माध्यम से मिली सूचना पर विश्वास न करें।
उन्होंने कहा कि पूर्व में करवाई गई सभी आनलाईन बुकिंग रद्द कर दी गई हैं। एचआरटीसी के आनलाईन बुकिंग पोर्टल www.hrtchp.com और अन्य सभी निजी बुकिंग पोर्टल पर भी 21 मार्च, 2020 से आगामी आदेशों तक बुकिंग बंद करवा दी गई थी।
उन्होंने बताया कि एचआरटीसी बुकिंग के लिए दूरभाष, व्हाट्सऐप, एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से किसी भी बैंक डिटेल, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, यूपीआई सूचना, पासवर्ड, मोबाईल नंबर और ओटीपी आदि की सूचना नहीं मांगता है। निगम सभी एडवांस रिजर्वेशन अपने आनलाईन बुकिंग पोर्टल, मोबाइल ऐप के माध्यम से करता है और भुगतान की प्रक्रिया लिंक्ड पेमेंट गेटवेज से की जाती है, जहां उपभोक्ता को स्वयं भुगतान करना होता है।















