DNN धर्मशाला
उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि कांगड़ा जिला में होम क्वारंटीन की उल्लंघना करने पर 24 लोगों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी इस बाबत स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से पुलिस प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए नागरिकों को नियमित तौर पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं इन आदेशों की अवेहलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ताकि कांगड़ा जिला में कोरोना का संक्रमण समाज तक नहीं पहुंच पाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को भी अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए इन आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करनी चाहिए। उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि रविवार को तब्लीगी जमात से संबंधित जिस व्यक्ति की कोरोना सेंपल पॉजिटिव पाए गए थे उसके संपर्क में आए पचास लोगों की शिनाख्त की गई है तथा इन सबके सेंपल भी लिए गए हैं जिसकी रिपोर्ट बुधवार तक आने की संभावना है।
दुकानों, बैंकों में दूरी नहीं बनाने पर होगी सख्त कार्रवाई
उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि मंगलवार को कर्फ्यू में ढील के दौरान दुकानों तथा बैंकों के बाहर तथा एटीम के बाहर सामाजिक दूरी की अनुपालना के लिए चेकिंग भी की गइ्र है तथा अधिकांश बैंकों तथा दुकानों में लोगों के उचित दूरी पर खड़े होने के निशान लगा दिए हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार से नियमित तौर पर दुकानों तथा बैंकों के बाहर सामाजिक दूरी के आदेशों को लेकर उठाए गए कदमों का निरीक्षण किया जाएगा तथा इन आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी इस बाबत लिखित आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण से बचने का एकमात्र उपाय सामाजिक दूरी है तथा इस संदेश को बार बार लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।















