डीएनएन सोलन
भारतीय जनता पार्टी की नवगठित प्रदेश सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री तथा कसौली के विधायक डॉ. राजीव सैजल का आज सोलन में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। सोलन में सैजल, दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी तथा सोलन से भाजपा के उम्मीदवार रहे डॉ. राजेश कश्यप को एक खुली जीप में शहर से ले जाया गया। शहर में नई सरकार के काबीना मंत्री तथा विधायक का लोगों ने तहेदिल से स्वागत किया। राजीव सैजल ने इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल तथा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सती के आशीर्वाद एवं अथक प्रयासों से आज भाजपा हिमाचल में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन, कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम एवं आमजनता के सहयोग से आज भाजपा की सरकार देश की 19वें राज्य में बन गई है।
उन्होंने कहा कि अब हमें न केवल इस सत्ता को बनाए रखना होगा अपितु लोगों को यह दिखाना भी होगा कि भाजपा की सरकार सोचने में नहीं करने में विश्वास रखती है। डॉ. सैजल ने कहा कि कर्मठ एवं युवा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल की भाजपा की सरकार विकास की एक नई इबारत लिखेगी। आम आदमी के हित को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अपने विजन डाक्यूमेंट को सरकार का नीतिगत दस्तावेज घोषित किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार के पहले 100 दिन के कार्यों की राज्य, जिला तथा खण्ड स्तर पर समीक्षा होगी। आम लोगों के सुझावों तथा समीक्षा के आधार पर सरकार अपनी नीतियों एव कार्यक्रमों को कार्यान्वित करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सत्ता को सेवा का पर्याय बनाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा को मिला बहुमत हम सभी के लिए चुनौतियां भी लेकर आया है। हमें अब न केवल जन अपेक्षाओं को पूरा करना होगा बल्कि वायदों से आगे बढ़ कर कार्य करना होगा।
शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा संगठन मंत्री पुरूषोतम गुलेरिया ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी तथा सोलन विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार रहे डॉ. राजेश कश्यप ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। भाजपा के प्रदेश सचिव एवं अर्की से उम्मीदवार रहे रत्न सिंह पाल इस अवसर पर उपस्थित थे।
















