DNN मंडी
10 अक्तूबर। कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी खत्म नहीं हो रही है। शनिवार को भी मंडी में राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन के दौरान हिमाचल कांग्रेस प्रभारी के राजीव शुक्ला के सामने कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नेताओं के लिए शक्ति प्रदर्शन किया। इस हाई वोल्टेज ड्रामें को रोकने के लिए प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला को खुद मोर्चा संभालना पड़ा है।
बता दें कि राज्य स्तरीय किसान संवाद सम्मेलन में हिस्सा लेने के हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला शनिवार को मंडी पहुंचे, लेकिन शुक्ला के कार्यक्रम में पहुंचते ही धक्कामुक्की और नारेबाजी शुरू हो गई। समर्थक अपने अपने नेताओं के लिए नारेबाजी करते रहे, इससे मंच पर धक्कामुक्की की नौबत आ गई। मंच पर वरिष्ठ नेताओं को बैठने के लिए जगह न मिलने से खूब हंगामा हुआ। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर समर्थकों को नारेबाजी करने से रोकते रहे, लेकिन वे नहीं माने।
राजीव शुक्ला ने कहा कि कार्यकर्ता और नेता एकजुट होकर 2022 चुनाव की तैयारी करें और ऐसे अपने-अपने नेताओं के लिए नारेबाजी और काट करते रहे तो सत्ता में वापसी मुश्किल है। एक-दूसरे के खिलाफ खबरें लगाना छोड़ें और पार्टी की सत्ता वापसी के लिए आज से ही जुट जाएं। उन्होंने किसान बिल के विरोध में रैली निकालने के लिए कुछ विधायकों का आभार जताया। राजीव शुक्ला ने मंच पर माइक पकड़कर कार्यकर्ताओं को चेताया कि सब लोग अनुशासन में रहो। जो भाषण के दौरान अपने नेताओं के नारे लगाकर माहौल खराब करेगा उसके उतने की नंबर यहां कम होंगे।














