डीएनएन सोलन
सोलन के हाउसिंग बोर्ड के लोग विद्युत विभाग की हाईटेंशन तार के कारण दहशत में है। वार्ड नंबर 14 में आज भी लकड़ी के खंभों पर 11-11 केवी की हाई टेंशन वायर घरों की छत्त से लगती हुई गुजर रही हैं। सराह-राजगढ़ क्षेत्र को जाने वाली 11-11 केवी की दो लाइनें सोलन हाउसिंग बोर्ड से गुजर रही हैं। प्रभावित परिवार लंबे समय से इन तारों को घरों के ऊपर से हटाने की माग कर रहे हैं, लेकिन विभाग के कर्मचारी इसे हटाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। सोलन में सोमवार को किशन आर्य, जेएस आर्य, नरेश गांधी व राजीव कौड़ा ने कहा कि विभाग के उदासीन रवैए के चलते एक दर्जन के करीब परिवार दहशत के साए में जीने को मजबूर हो रहे है। उन्होने बताया कि कई दशक पुराने खंभे अब खस्ताहाल में है, जिसकी स्टे वायर भी टूट चुकी है। बारिश व तूफान में इनके गिरने का भय लगा रहता है। किशन आर्य व जेएस आर्य ने बताया कि 11-11 केवी की लाइनों के खंभे उनके आंगन में लगे है जिनको हटाने को लेकर विभाग के छोटे से लेकर आलाधिकारियों को शिकायत कर चुके है। कुछ समय पहले विभाग के एसई ने भी मौके का विजिट किया था और चार दिनों में चेंज करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज भी समस्या जस की तस है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारी उन्हीं के विभाग से सेवानिवृत्त उच्चाधिकारी के दबाव में कार्य नही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि पोल गिरने से जानमाल का नुकसान होगा तो उसका जिम्मेवार विद्युत विभाग होगा। उन्होंने कहा कि हाउसिंग बोर्ड कॉलौनी की वेलफेयर सोसायटी भी उस बारे कई बार विभाग को आग्रह कर चुकी है लेकिन समस्या जस की तस है।
















