डीएनएन न्यूज। सोलन
सोलन के एक बैंक में काम करवाने गई महिला के साथ बैंक मैनेंजर द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। महिला ने मामले की शिकायत शहर पुलिस चैकी में दर्ज करवाई है, जिसके बाद आरोपी मैनेजर का पुलिस मेडिकल करवा रही है। पुलिस में दी गई शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि वह सोलन के मालरोड स्थित एक कार्यालय में कार्यरत है।
बैंक का सारा काम वहीं देखती है, जिसके चलते रोज बैंक आना-जाना होता है। मंगलवार को वह पैसे जमा करवाने व चैक लेकर बैंक गई। इस दौरान चैक को मैनेजर से पास करवाना होता है। वह रूटीन में मैनेजर के पास चैक पास करवाने गई, तो उसने पाया कि बैंक मैनेजर शराब के नशे में है। उसने पहले तो चैक पास करने से इंकार कर दिया। बाद में अपनी कुर्सी से खड़ा होकर महिला से छेड़छाड़ करने लगा। इस पर महिला ने उसका विरोध किया और शोर मचाया। जिसके बाद बैंक के सभी कर्मचारी मौके पर एकत्रित हो गए।
मौके पर काफी हंगामा हुआ। पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मैनेजर को पकड़ा और उसका मेडिकल करवा मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एएसपी डा. मनमोहन सिंह ने की है।















