DNN ऊना
19 अगस्त। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के क्षेत्रीय निर्देशालय परमाणु द्वारा दो दिवसीय ग्रामीण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन आज ग्राम पंचायत मुच्छाली के ठंडी खुई (बंगाणा) में आयोजित किया गया। जिसकी अध्यक्षता ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कुमार ने की। इस कार्यक्रम में लगभग 120 श्रमिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री ने पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधि से आहवान किया कि वह गांव-गांव तक सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि श्रम वर्ग के लिए सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिसमें प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, श्रम योगी मन धन योजना, मनरेगा आदि कई योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने इन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर वीरेंद्र कंवर ने कहा कि बंगाणा बाजार से नारडु गांव तक रास्ते के निर्माण के लिए 40 लाख रुपए, घडोह मोक्ष धाम के लिए 27 लाख रूपए, बंगाणा मोक्षधाम के लिए 40 लाख रूपए, पंचवटी मुच्छाली वार्ड 5 के लिए 10 लाख रुपए, झवरानी गांव से मंदिर तक रास्ते निर्माण के लिए 10 लाख रुपए, अस्पताल से बंगाणा गांव तक जाने वाले रास्ते के निर्माण कार्य के लिए 5 लाख रूपए स्वीकृत करने की घोषणा की।
कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ में जल जीवन मिशन के तहत हर घर को नल से जल की सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि 150 करोड़ रूपए की राशि व्यय करके कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की सड़कों का सुधारीकरण किया जा रहा है और 1.5 करोड़ रूपए की राशि व्यय करके पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए सड़कों के किनारे फुटपाथ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 12 करोड़ से अधिक धनराशि खर्च कर बंगाणा में लोगों को सीवरेज की सुविधा प्रदान करने के लिए निर्माण कार्य जारी है। मंत्री ने कहा कि बंगाणा में 6.50 करोड़ रूपए की लागत से इंडोर स्टेडियम भी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि थानाकलां में टेलीमेडिसीन सेंटर शुरू किया गया है।
इस अवसर पर प्रधान मच्छली विजय कुमार, उपप्रधान अजय कुमार, वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी क्षेत्रीय निदेशालय परमाणु जगदीप सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
मंत्री ने किया रावमापा बंगाणा का निरीक्षण
इसके उपरांत ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, मत्स्य, कृषि व पशु पालन मंत्री ने वीरेंद्र कंवर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बंगाणा में बनाई जा रही सांईस लैब का निरीक्षण भी किया तथा संबंधित अधिकारियों को समयावधि काम पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।















