DNN शिमला
पिछले कुछ समय से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भूकंप आ रहा है। सोमवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप से किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, परंतु झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 आंकी गई है। भूकंप का केंद्र शिमला जिले में उत्तर-पूर्व में 10 किमी की गहराई पर था। सुबह 5 बजकर 18 मिनट पर जिले के भीतर और आसपास झटके महसूस किए गए। जिसके बाद डर के मारे लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। आपको बता दें कि कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। हाल ही में प्रदेश के लाहौल स्पीति क्षेत्र में भी दो बार लगातार भूकंप के झटके महसूस हुए थे।















