Dnewsnetwork
सोलन, 17 अगस्त : सोलन में शराब के नशे में दो युवकों के बीच हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। इस दौरान एक युवक ने अपने साथी और बीच-बचाव करने आए युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी साई दत्तातरे वार्मा ने बताया कि रात करोल कॉलोनी, बसाल में 3 युवक एक किराए के कमरे में शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान मयंक और निखिल के बीच देवता को लेकर किसी बात पर बहसबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। बीच-बचाव करने पर निखिल ने शराब की आधी कांच की बोतल से सारांश के सिर पर वार कर दिया।
इसके बाद दोनों युवक बाथरूम में चले गए, जहां निखिल ने शेफ चाकू से मयंक पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने वाले सारांश पर भी चाकू से वार किया गया और उसके बाएं कंधे पर दो चोटें आईं। बाद में मयंक को पेट में चाकू लगने की जानकारी सामने आई। उसे अभिषेक और वैभव द्वारा उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। मयंक का वर्तमान में आईजीएमसी शिमला में उपचार चल रहा है। अन्य घायल युवक का भी उपचार करवाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निखिल संजटा (19) निवासी चिड़गांव, जिला शिमला को चंबाघाट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगामी जांच कर रही है।













