DNN चंबा
जिले के सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के दौरान नकल को लेकर पूरी तरह से जीरो टॉलरेंस बरती जाएगी। उपायुक्त विवेक भाटिया ने आज मंडे मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश जारी किए ।उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों को लेकर स्कूल के मुखिया बाकायदा अंडरटेकिंग देकर यह बताएंगे कि सभी सीसीटीवी कैमरे कार्यशील हैं और परीक्षा हॉल का समूचा क्षेत्र उनकी कवरेज में आता है। उन्होंने कहा कि फ्लाइंग स्क्वायड के अलावा परीक्षा की अवधि के दौरान औचक निरीक्षण के लिए ऑब्जर्वर भी भेजे जाएंगे ताकि नकल पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि नकल रोकने के व्यापक मैकेनिज्म को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त एक बैठक करेंगे जिसमें शिक्षा उपनिदेशकों के अलावा स्कूल के मुखिया भी मौजूद रहेंगे । विवेक भाटिया ने शिक्षा उपनिदेशकों को हिदायत देते हुए कहा कि एक टोल फ्री नंबर स्थापित करने को लेकर कदम उठाए जाएं ताकि जिला से कोई भी व्यक्ति या विद्यार्थी नकल को लेकर सूचना दे सके। उन्होंने बताया कि इस तरह की सूचना देने वालों के नाम पूरी तरह से गुप्त रखे जाएंगे।
जिले की आंगनवाड़ी केंद्रों में और बेहतर सुविधाएं जुटाने और उनके संचालन के मुद्दे की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कुल्लू जिला की तर्ज पर चंबा जिला में भी आंगनवाड़ी केंद्रों को समाज के धनाढ्य वर्ग द्वारा गोद लिए जाने की मुहिम शुरू की जाएगी। उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि वह इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। जिले के किसानों और बागवानों को माइक्रो सिंचाई स्कीमों के नेटवर्क के साथ जोड़ने को लेकर उपायुक्त ने कहा कि कृषि और ग्रामीण विकास विभाग मिलकर जिले में चयनित जगहों पर सिंचाई के बड़े टैंकों के निर्माण को अमलीजामा पहनाएंगे। उन्होंने बताया कि यह सभी स्कीमें माइक्रो सिंचाई सुविधा से लैस होनी चाहिए ताकि किसानों और बागवानों को इनका भरपूर लाभ मिल सके। अब तक ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिले में 92 ऐसे सिंचाई टैंकों को चिन्हित किया गया है जिनमें माइक्रो सिंचाई सिस्टम का नेटवर्क तैयार होना है। उन्होंने अग्रणी बैंक प्रबंधक को कहा कि इसमें फार्मर शेयर को लेकर किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बनाकर दिए जाएं।














