वन रेंज अधिकारी पहुंचे नौणी विवि

Education Solan

 

DNN नौणी
डॉ वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में वन प्रशिक्षण संस्थान और रेंजर कॉलेज, सुंदरनगर के प्रशिक्षु वन रेंज अधिकारीयों के लिए एक सप्ताह का प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य वृक्ष बीज प्रौद्योगिकी, प्रचार विधियों, लकड़ी की पहचान की तकनीकों, वानिकी का कीट विज्ञान और जंगल में उपज एवं मूल्यांकन से संबंधित जानकारी प्रदान करना है। यह प्रशिक्षण वानिकी के व्यावहारिक पहलुओं पर केंद्रित होगा और प्रशिक्षुओं को प्रयोगशाला के साथ-साथ क्षेत्र अभ्यासभी करवाया जाएगा।

इस प्रशिक्षण में 31 प्रशिक्षु भाग ले रहें हैं जिनकी अगुवाई सहायक वनसंरक्षक पारुल सूद कर रही हैं। इस कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के वानिकी महाविद्यालय के डीन डा॰ पी के महाजन ने किया। अपने संबोधन में उन्होनें प्रशिक्षुओं को वानिकी कॉलेज के इतिहास और उपलब्धियों से अवगत करवाया और प्रशिक्षण कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

डा॰ महाजन ने हिमाचल वन विभाग का कॉलेज के बीएससी (ऑनर्स) वानिकी छात्रों को उनके रावे (RAWE) कार्यक्रम के दौरान समर्थन और सहयोग देनेके लिए धन्यवाद किया। हर साल अंतिम वर्ष के छात्र रावे कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के साथ कुछ हफ्ते तक कार्य करते हैं। उन्होंने वैज्ञानिकों और वन विभाग के बीच मजबूत समन्वय की आवश्यकता पर ज़ोर दिया ताकि विश्वविद्यालय में विकसित विभिन्न तकनीकों को राज्य के कल्याण के लिए बड़े पैमाने पर विभाग द्वारा लागू किया जा सके। वृक्ष सुधार और आनुवांशिक संसाधन विभाग के प्रोफेसर और हेड डा॰ संजीव ठाकुर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम और विभिन्न गतिविधियों के बारे में प्रशिक्षुओं को बताया।इसके अलावा, प्रशिक्षुओं को वानिकी कॉलेज में किए जा रहे अनुसंधान कार्यों के बारे में भी जानकारी दी गई।

 

 

 

News Archives

Latest News