DNN पांवटा साहिब
22 मई। गुरु नगरी पांवटा साहिब में रविवार को एक दर्दनाक घटना पेश आई, जहां यमुना घाट के समीप यमुना नदी में स्नान के लिए उतरे एक युवक की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रभजोत सिंह (23) पुत्र जसविंदर सिंह निवासी फतेहगंज, सीएमसी चौक, लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार को कुछ श्रद्धालु यमुना घाट पर नदी में स्नान के लिए उतरे थे। इसी बीच इनमें से एक युवक नदी में डूब गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। साथ ही स्थानीय गोताखोरों व परिवार के दो सदस्यों ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक को पानी से बाहर निकाला गया, जिसे तत्काल सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया, जहां तैनात डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। उधर, पांवटा पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले की पुष्टि डीएसपी वीर बहादुर ने की है।















