DNN नाहन
22 मई । सिरमौर जिला के माजरा पुलिस थाना के घेराव व हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ मुस्लिम नवयुवक सोसायटी नाहन ने कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में सोसायटी के अध्यक्ष बोबी अहमद ने रविवार को जिला मुख्यालय नाहन में पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। साथ ही इस मामले में सभी वर्गों से धार्मिक सौहार्द को बनाए रखने की अपील भी की है।
मीडिया से बात करते हुए मुस्लिम नवयुवक सोसायटी नाहन के अध्यक्ष बोबी अहमद ने कहा कि पिछले कुछ समय से पांवटा साहिब-माजरा की तरफ से माहौल को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। हाल ही में माजरा में हिंदू देवी-देवताओं को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के बाद क्षेत्र में तनाव की जो स्थिति उत्पन्न हुई, वह एक शर्मनाक घटना है। इसकी सोसायटी कड़े शब्दों में निंदा करती है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि यदि कोई भी आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए, फिर चाहे भी किसी भी धर्म विशेष का ही क्यों न हो। साथ ही माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों की सूचना हर वर्ग प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई अमल में लाई जा सके।















