DNN मंडी
17 सितंबर। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 18 सितंबर रविवार को मंडी जिले के करसोग व सरकाघाट में एक दिन के प्रवास पर रहेंगे। सहायक आयुक्त मंडी राकेश शर्मा बताया कि मुख्यमंत्री करसोग में करीब प्रातः साढ़े 11 बजे पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री करसोग में विविध विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री करसोग में प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में समारोह की श्रृंखला में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे तथा दोपहर का भोजन लोक निर्माण विश्राम गृह करसोग में करेंगे।
मुख्यमंत्री करसोग से कुनहू सरकारी वाहन में दोपहर 2 बजे पहुंचेंगे और वहां से हवाई मार्ग से सरकाघाट के डिग्री कॉलेज में दोपहर बाद 2ः30 बजे पहुंचेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री राजकीय मॉडर्न वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बालक) सरकाघाट में दोपहर बाद करीब पौने 3 बजे पहुंचेंगे और वहां से सरकाघाट क्षेत्र की विविध विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री सरकाघाट में प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में समारोह की श्रृंखला में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
.0.
हिमाचल प्रदेश न्यायवादी संघ ने मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार भेंट
मंडी, 17 सितंबर। प्रदेश न्यायवादी संघ के अध्यक्ष एवं जिला न्यायवादी हमीरपुर कपिल देव शर्मा ने जानकारी दी है कि हिमाचल प्रदेश न्यायवादी संघ की नव-निर्मित कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मंडी के सर्केट हाऊस में शिष्टाचार भेंट की। राज्य कार्यकारिणी की ओर से अध्यक्ष (जिला न्यायवादी, हमीरपुर) कपिल देव शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (जिला न्यायवादी, मण्डी) कुलभूषण गौतम, कोषाध्यक्ष (सहायक जिला न्यायवादी, हमीरपुर) पंकज दीवान, उप-जिला न्यायवादी सुंदरनगर विनय वर्मा, सहायक जिला न्यायवादी मण्डी अजय कुमार, सहायक जिला न्यायवादी, गोहर अनिल गुलेरिया, सहायक जिला न्यायवादी, मण्डी शबनम, सहायक जिला न्यायवादी थुनाग प्रवीण, सहायक जिला न्यायवादी हमीरपुर डिंपल ठाकुर ने मुख्यमंत्री को अभियोजन विभाग की वर्तमान स्थिति तथा न्यायालयों में कामकाज में पेश आ रही विभाग की दिक्कतों से अवगत कराया। जबकि कपिल देव शर्मा ने मुख्य मंत्री को अभियोजन अधिकारियों के रिक्त पदों की वजह से कामकाज में आ रही कठिनाईयों से अवगत कराया।
उन्होंने मूलभूत सुविधाओं के अभाव में अभियोजन अधिकारियों द्वारा पेश हो रही दिक्कतों से भी अवगत कराया। कपिल देव शर्मा ने न्यायालयों में सरकारी वकीलों की कमी व मूलभूत सुविधाएं देने संबंधी ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा। मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग के ज्ञापन पर गौर करने व उनकी समस्याओं का निदान करने का आश्वासन दिया।
.0.
भाजपा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पुनः सत्ता में आएगी : महेंद्र ठाकुर
मंडी, 17 सितंबर। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इन पौने पांच वर्षों में हुए कार्यों के बल पर 50 से अधिक सीटें जीतेगी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पुनः सत्ता में आएगी। यह दावा उन्होंने धर्मपुर विधानसभा के बीड़, पीपली, छतरैणा, डरवाड़, घरवासडा, गरली, अनस्वाई, भड्डू, चस्वाल तथा सज्याओ में जनसभाओं को संबोधित करते हुए किया। उन्होंने बताया कि इन पौने पांच वर्षों के दौरान धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में ही 105 पुलों का निर्माण शुरू करवाया है और इनमें से 75 से अधिक पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने रविवार को करीब 34.52 लाख रुपए से बनने वाले पंचायत घर डरवाड़, 10 करोड़ से तासली नाला से गरली सड़क के उन्नयन कार्य, 66.34 लाख रुपये से बनने वाली पीपली से ब्राडी सड़क तथा करीब 32 लाख रुपये से पैदल चलने योग्य पुल भड्डू से छतरैहणा का शिलान्यास किया।
जलशक्ति मंत्री ने इस दौरान लोगों की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने कहा कि वर्षों पुरानी इस क्षेत्र की पेयजल की समस्या का समाधान कर दिया गया है। सिंचाई के लिए धर्मपुर क्षेत्र में करीब 100-100 करोड़ रुपये की दो उठाऊ सिंचाई योजनाओं के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इन योजनाओं के पूरा होने से यहां के लोगों के खेतों को पर्याप्त मात्रा में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। वहीं, यहां के क्षेत्र के किसानों व बागवानों को नकदी फसल व फलों की बंपर पैदावार करने में सहुलियत होगी और उनकी आय में इजाफा होगा।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान अंजू शर्मा, अंजना कुमारी, विटटो देवी सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिशीषी अभियन्ता जेपी नाइक, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता राकेश पराशर, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता सुनील चंदेल, सहायक अभियंता नरेंद्र राणा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।















