DNN मंडी
हिमाचल सरकार के नौ महीने के छोटे से कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश की पेयजल व सिंचाई योजनाओं के निर्माण व संवर्धन के साथ साथ विभिन्न विकास कार्यों के लिए 9 हजार करोड़ से अधिक राशि आवंटित कर प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान व सहयोग दिया है । यह जानकारी आज मंडी संसदीय क्षेत्र के लोकसभा सांसद राम स्वरुप शर्मा ने जोगिन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र के पंडोल में 47.36 लाख रुपए की लागत से अरला-लाहला-मतेहड़ पेयजल योजना के सुधारीकरण की आधारशिला रखने के उपरान्त पंडोल में जनसभा को सम्बोधित करते हुए दी । उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार दोनों के सहयोग से अब मंडी संसदीय क्षेत्र में विकास की गति और तेजी से बढ़ेगी और इस संसदीय क्षेत्र का कोई भी विधानसभा क्षेत्र विकास से अछूता नही रहेगा । उन्होंने कहा कि पंडोल तथा आसपास के क्षेत्र में पिछले काफी समय से पेयजल की समस्या को देखते हुए अनसूचित जाती उप योजना के तहत अरला-लाहला-मतेहड़ पेयजल योजना के सुधारीकरण के लिए राशि स्वीकृत करवाई गई है । उन्होंने कहा कि इस पेयजल योजना के पूर्ण होने से लगभग 1500 की आबादी लाभान्वित होगी।
उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र मण्डी के विकास कार्यो के लिए पिछले साढे चार सालों में लगभग 3500 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करवाई गई है जिसमें 2 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि जोगिन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए तथा 3 लाख 50 हजार रुपए की राशि मतेहड़ पंचायत के लिए स्वीकृत की गई है । उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए अब तक एक अरब 05 करोड़ की राशि स्वीकृत करवाई गई है और जोग्रन्द्रनगर के लिए दो-दो राष्ट्रीय उच्च मार्ग की स्वीकृति के साथ-साथ 07 करोड़ रुपए की राशि जोगेंद्रनगर में आयुर्वेदिक हब बनाने के लिए खर्च किये गए है । उन्होंने कहा कि बैजनाथ बडोल सरकाघाट सड़क का निर्माण वय पंडोल निर्मित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने एक लाख रुपए मतेहड़ पंचायत के विकास कार्यों के लिए देने की घोषणा की ।
स्थानीय विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि जोगेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ने के लिए सांसद राम स्वरुप शर्मा का भरपूर सहयोग मिल रहा है और आने वाले समय में ओर सभी के सहयोग से तीव्र गति विकास कर लोगों की इच्छाओं व आकांक्षाओं को पूर्ण करते हुए इस विधानसभा क्षेत्र को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने का प्रयास किया जाएगा । उन्होंने कहा कि सरकार के इन नौ महीनों के दौरान जोगिन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 50 करोड़ की राषि 17 पेयजल तथा सिंचाई योजना के निर्माण व सर्वधन कार्यो के लिए स्वीकृत करवाई गई है जिनकी डी.पी.आर तैयार करने व अन्य औरचारिकताएं पूर्ण करने की प्रक्रिया जारी है जिसे शीघ्र ही पूरा कर निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे । उन्होंने कहा कि इसी माह माननीय मुख्यमंत्री के जोगेंद्रनगर प्रवास के दौरान चैंतड़ा ब्लॉक के पूरे क्षेत्र के लिए बनने वाली 32 करोड़ की पेयजल योजना के साथ साथ अन्य विभिन्न योजनाओं की आधारशिलाएं रखवाई जाएगी । उन्होंने कहा सभी के सहयोग से इस क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया जाएगा ।















