भारत-जर्मनी के मजबूत संबंधों से अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में बढ़ेगा हिमाचल का व्यापार:अनुराग ठाकुर

Politics Shimla

 


DNN शिमला
लोकसभा चीफ़ व्हिप और हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में जर्मनी की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा का कार्यभार देख रहे जर्मन मंत्री क्रिस्टीन हर्टे से मुलाक़ात कर भारत-जर्मनी के बीच द्विपक्षीय संबंधो और व्यापारिक रिश्ते मज़बूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा की।
अनुराग ठाकुर ने कहा अंतर्राष्ट्रीय मंच पर जर्मनी भारत का एक प्रमुख सहयोगी देश रहा है और हाल के दिनों में भारत और जर्मनी के बीच आर्थिक संबंधों में बड़ा उछाल आया है। जर्मनी ने परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) की सदस्यता के लिए भारत की दावेदारी का समर्थन भी किया है। यूरोपीय यूनियन में जर्मनी भारत का सबसे बड़ा कारोबारी साझेदार है और उसे यूरोप का इकॉनॉमिक पॉवरहाउस कहा जाता है। इसी क्रम में आज मेरी जर्मनी की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा का कार्यभार देख रहे जर्मन मंत्री क्रिस्टीन हर्टे से मुलाक़ात के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, आतंकवाद, स्वास्थ और शिक्षा समेत कई द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत हुई। जर्मनी हैंडलूम सामानों का एक बड़ा बाज़ार है और इस बातचीत के दौरान मैंने हिमाचल के हस्तनिर्मित वस्तुओं को जर्मनी के बाज़ार में पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने की बात को प्रमुखता से उठाया है।
आगे बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा भारत और जर्मनी के बीच आर्थिक सहयोग लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2016-17 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 18.76 अरब डॉलर का था। आज भारत की 80 से भी ज़्यादा कंपनियां जर्मनी में कारोबार कर रही हैं। 2010 के बाद से जर्मनी में भारत की कंपनियों ने 140 परियोजनाओं में निवेश किया है। दूसरी तरफ़ जर्मनी ने भी भारत के ट्रांसपोर्ट, इलेक्ट्रिकल उपकरण, सर्विस सेक्टर, केमिकल्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर में निवेश किया कर रहा है जो कि दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापारिक सम्बन्धों को दर्शाता है।

News Archives

Latest News