पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई, चिट्टा बरामदगी के दो मामलों में बड़ी कार्रवाई

Crime Sports

Dnewsnetwork
सोलन, 28  : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 4.5 ग्राम हैरोइन के साथ काबू किया, जबकि वर्ष 2025 के चिट्टा मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को बैकवर्ड लिंक के आधार पर गिरफ्तार किया है।
एसपी सांई दत्तातरे वार्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पारस (26) निवासी सुबाथू को 4.5 ग्राम चिट्टा/हैरोइन के साथ पकड़ा। पुलिस ने इस संबंध में थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया है। जांच में उसके खिलाफ मारपीट का एक पुराना मामला भी सामने आया है।

वहीं मादक पदार्थ के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दीपक कुमार उर्फ करणी (26) निवासी भटिंडा, पंजाब को गिरफ्तार किया। यह मामला जनवरी 2025 में 7.25 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़े गए बंटी से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सामने आया था। पुलिस के अनुसार बंटी ने बरामद चिट्टा दीपक से 17,000 रुपए में खरीदा था।

दीपक को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ पंजाब में 130 ग्राम तथा न्यू शिमला में 178 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले भी सामने आए हैं। पुलिस को उसके बड़े सप्लायर नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं और मामले में आगे की जांच जारी है।

Latest News