DNN बद्दी 

12 दिसम्बर।औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत अमरावर्ती अपार्टमेंट में लंबे समय से समस्याओं के बावजूद भी बिल्डर द्वारा कोई कारगर कदम नहीं उठाया जा रहा। जिसके चलते अमरावती वेल्फेयर सोसाईटी ने रविवार को बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष व्यक्त किया। अमरावती वेल्फेयर सोसाईटी के चेयरमैन मोहन सैणी, प्रधान राज कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष विकास झा, सचिव अंकित, सह सचिव अभय कुमार, कोषाध्यक्ष सरोज झा, भुवन सिंह, आशूतोष राठी, जेएस पटियाल, मीडिया प्रभारी राहुल, राजेश कुमार, अजय यादव, संजय सिंह व अवनीष कुमार ने बताया कि अपार्टमेंट में पार्किंग की दिक्कत है। पार्किंग की सुविधा न होने के कारण कारें एक दूसरे के पीछे लगा दी जाती है। जिससे किसी अपातस्थिति में कार को निकालने में दिक्कत आती है। बिल्डर ने अपार्टमेंट के अंदर की स्कूल बना रखा है। स्कूल की बसें अपार्टमेंट की सडक़ से गुजरती हैं जिससे हादसों का भय बना रहता है। जब इस रास्ते पर आगे कार लग जाती है तो बस चालक तेजी से हार्न बजाते हैं जिससे ध्वनी प्रदूषण हो रहा है। पार्किंग की समस्या के चलते लोग इधर उधर कारें लगा देते हैं जिससे रोड़ जाम हो जाता है। अपार्टमेंट के कई भवन जर्जर हालत में हैं जिस बाबत कई बार बिल्डर को बोला गया। 

सोसाईटी के पदाधिकारियों ने बताया कि यहां पूरे अपार्टमेंट में कहीं भी कूड़ेदान नहीं है। जिसके चलते लोग बिल्डिंग के बाहर कूड़े फेंक देते हैं जिसे कोई नहीं उठाता। चार दिवारी न होने के कारण अपार्टमेंट में कुत्तों का आतंक है और बर्जुग व बच्चे कुत्तों का शिकार बन रहे हैं। कई बार बिल्डर को बोला गया कि अपार्टमेंट को नगर परिषद बद्दी को सौंप दिया जाए ताकि लोगों नप की सुविधाएं मिले। लेकिन 10 साल बीत जाने के बावजूद भी इस बाबत बिल्डर कोई कदम नहीं उठा रहा। जिसके चलते रविवार को सोसाईटी ने बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी भी की। सोसाईटी ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि उन्हें बिल्डर की तानाशाही से निजात दिलाई जाए। जल्द ही सोसाईटी का प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर एसडीएम नालागढ़ और रेरा को भी शिकायत करेगा।















