DNNसोलन
16 जून नेहरू युवा केंद्र सोलन द्वारा निवेशक शिक्षा, जागरूकता और सुरक्षा पर 16 जून से 18 जून तक तीन दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन नालागढ़ खंड विकास अधिकारी कार्यालय नालागढ़ में आयोजित करवाया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ उपमंडलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को निवेशक शिक्षा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि निवेशक प्रतिभूति बाजार की रीढ़ है तथा वे शेयर बाजार के एक महत्वपूर्ण हिस्से का गठन करते हैं।
उन्होंने निवेशक शिक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि निवेशकों के लिए विभिन्न निवेश मार्ग उपलब्ध होते हैं तथा यह निवेश निवेशकों को निवेश के अच्छे अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ हमें यह भी ध्यान रखना चाहिए कि सभी निवेश कुछ जोखिम उठाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को निवेशक शिक्षा पर जागरूक बने रहने के लिए भी कहा।
महेन्द्र पाल गुर्जर ने कहा कि निवेशकों को निवेश करते समय विभिन्न उपकरणों पर कर के समायोजन के जोखिम और अपेक्षित लाभ की तुलना करनी चाहिए तथा निवेश का फैसले करते समय एजेंटों और वितरकों सहित विशेषज्ञों से विभिन्न स्त्रोतों और सलाह के बारे में जानकारी अवश्य लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित निवेशक एक संरक्षित निवेशक है।
प्रशिक्षण शिविर में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।














