DNN सराहां (सुरेश)
सिरमौर में सड़कों की हालत किसी से छुपी नहीं है। सड़कों की खराब हालत के चलते लोगों की चिंताएं बढ़ रही हैं। कांग्रेस पहले ही खराब सड़कों का खामियाजा भुगत चुकी है यदि हालत नहीं सुधरे तो कहीं भाजपा को भी यह मुद्दा भारी न पड़ जाए। पच्छाद हल्के की बात की जाए तो यहां की ग्रामीण सड़कें बदतर हालत में हैं जबकि मुख्य सडकों की स्थिति भी सही नहीं है। नाह्न-कुमारहट्टी एनएच की हालत पहले से खराब हो गई है। हाल ही में इस सड़क पर करोड़ों खर्च कर टायरीग की गई जो चंद दिनों में ही उखड़ गई है। सड़क कार्य में गुणवत्ता को तो दरकिनार किया ही गया विभाग ने नियमों की भी कोई परवाह नहीं की। एनएच अथॉरिटी ने सर्दियों के मौसम में टायरिंग का कार्य किया जिससे सड़क जगह जगह से उखड़ चुकी है। कई जगहों पर उखड़ी यह टायरिंग दुपहिया ही नहीं छोटे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।
उन्हें जान जोखिम में डालकर सड़क पर सफर करने को विवश होना पड़ रहा है। उखड़ी बजरी से कई बार तो दुपहिया वाहन चालक स्किड होकर चोटिल भी हो चुके हैं। आलम यह है कि सड़कों पर जगह जगह दरारें पड़ चुकी हैं हालांकि इस गड्ढों को भरने के लिए इस पर तारकोल डाला गया लेकिन ठंड व बरसात के कारण कुछ ही दिनों में वही हाल हो गया है। बता दें कि अक्तूबर-नवम्बर माह में इस सड़क पर टायरिंग का कार्य हुआ है जिसके कारण सड़क पर टायरिंग टिक नहीं रही है। जानकार बताते हैं कि यह मौसम टायरिंग के लिए उपयुक्त नहीं होता केवल गर्मी के मौसम में ही इस कार्य को किया जा सकता है। अब सवाल यह उठता है कि आख़िर विभाग ने करोड़ों के बजट को बिना सोचे समझे कैसे लगा दिया। इससे स्थानीय लोगों में विभाग के प्रति गहरा रोष है। इस तरह की लापरवाही भाजपा के लिए चुनावी मुसीबत बन सकती है। लोगों का कहना है कि वैसे ही सड़कों की दशा काफी खराब है और जो काम हो रहा है उसकी गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पच्छाद के विधायक सुरेश कशयप ने कहा कि सड़क में गुणवत्ता को लेकर कोई समझौता नही किया जाएगा और अगर ऐसा हुआ है तो इसकी जांच करवाई जाएगी।















