नाहन में दो साल बाद ईद पर हुई सामूहिक नमाज, अमन-चैन की दुआओं के लिए उठे हजारों हाथ

Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

03 मई। जिला मुख्यालय नाहन में मंगलवार सुबह 9 बजे ईद-उल-फितर की मुख्य नमाज अता की गई। शहर के रामकुंडी में स्थित नगर परिषद के मैदान में हजारों नमाजियों ने एक साथ नमाज पढ़ी और देश व प्रदेश में अमन-चैन की दुआएं मांगी।दरअसल 2 साल के बाद सामूहिक रूप से ईद-उल-फितर की नमाज नगर परिषद के मैदान में सामुहिक रूप से अता की गई। कोरोना काल की वजह से 2 सालों से मस्जिदों व घरों में ही नमाज पढ़ी जा रही थी। शहर की कच्चा टैंक जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अब्दुल रऊफ ने मुस्लिम भाइयों को ईद की नमाज अता करवाई। इससे पूर्व नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता सहित अन्य भाजपा नेता भी यहां मुस्लिम भाइयों को ईद की मुबारकबाद देने के लिए पहुंचे। नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे को ईद की बधाई दी।
मीडिया से बात करते हुए जामा मस्जिद कच्चा टैंक के इमाम मौलाना अब्दुल रऊफ ने सभी को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि 2 सालों के अंतराल के बाद सामूहिक रूप से ईद की नमाज अता की गई, जिसके लिए वह खुदा का शुक्रिया अदा करते हैं। उन्होंने कहा कि ईद का यह पर्व देश व प्रदेश में अमन-चैन लेकर आएं। यही आज के दिन सभी मुस्लिम भाइयों ने दुआ की।
मौलाना अब्दुल रऊफ, इमाम जामा मस्जिद नाहन
दूसरी तरफ हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल ने भी नगर परिषद के संबंधित मैदान में पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई दी। मीडिया से बात करते हुए विधायक डा. बिंदल ने कहा कि आने वाला समय विकास की ओर अग्रसर हो और सभी लोग मिलकर अपने देश को आगे बढ़ाने के लिए काम करें, यही आज के दिन हम दुआ करते हैं। चारों तरफ सुख शांति हो, यह भी प्रार्थना करते हैं।
डा. राजीव बिंदल, विधायक नाहन
कुल मिलाकर जिला सिरमौर में नाहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में ईद की नमाज अता की गई और मुस्लिम भाइयों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। साथ ही दिन भर दावतों का दौर भी चलता रहा।

News Archives

Latest News