DNN नालागढ़

20 दिसंबर।समाज मे निस्वार्थ भाव से किया गया कोई भी कार्य मानवता की सच्ची सेवा है तथा प्रत्येक व्यक्ति को सेवा के प्रति प्रतिज्ञाबद्ध होना चाहिए। यह विचार राज्य रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष डॉक्टर साधना ठाकुर ने उपमंडल मुख्यालय नालागढ़ में ब्लड बैंक के नवनिर्मित भवन के निरीक्षण के उपरांत संबोधित करते हुए व्यक्त किए। डॉक्टर साधना ठाकुर ने जानकारी दी कि शीघ्र ही नवनिर्मित ब्लड बैंक भवन में आवश्यक उपकरण स्थापित कर इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा तथा इस क्षेत्र के लोगों को इस का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है तथा इस ब्लड बैंक के शुरू होने से इस क्षेत्र में स्थानीय निवासियों के अलावा औद्योगिक कामगारों को भी आवश्यकता पड़ने पर में रक्त उपलब्ध होगा। उन्होंने ब्लड बैंक भवन निर्माण के लिए क्रॉन्पटन ग्रीव्स औद्योगिक समूह द्वारा तीस लाख रुपए की राशि उपलब्ध करवाने के लिए उनका धन्यवाद किया तथा कंपनी के सहायक उपाध्यक्ष निकुंज मेवाड़ा (कलस्टर हेड) तथा एसोसिएट मैनेजर प्रमोद कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 25 चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना महामारी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी नालागढ़ की ओर से 20 लाभार्थियों को लगभग एक लाख की सहायता राशि तथा एक ट्राईसाईकिल भी इस अवसर पर वितरित की।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ अजय पाठक ने डॉक्टर साधना ठाकुर का स्वागत किया तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ से संबंधित संक्षिप्त कार्य प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा नालागढ़ अस्पताल को ब्लड बैंक के रूप में सौगात देने के लिए भी मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती, स्त्री सभा नालागढ़, भाजपा महिला मोर्चा नालागढ़ तथा प्रधान एसोसिएशन नालागढ़ की ओर से भी डॉक्टर साधना ठाकुर का विधिवत स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर ने मुख्य अतिथि सहित आए सभी मेहमानों का धन्यवाद किया। इससे पूर्व भाजपा मंडल नालागढ़ द्वारा भी लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में डॉक्टर साधना ठाकुर का स्वागत किया गया। इस अवसर पर नालागढ़ के पूर्व विधायक के एल ठाकुर, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी, जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, नालागढ़ भाजपा मंडल के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर, उद्योग उद्योग भारती के अध्यक्ष हरवंस पटियाल, प्रधान एसोसिएशन नालागढ़ के अध्यक्ष पुनीत कौशल, दून वैली पब्लिक स्कूल के चेयरमैन राजीव शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेत्री इंदु ठाकुर वैद्य, उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी, सीईओ बीबीएनडीए डॉक्टर रिचा वर्मा, एसडीम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर, तहसीलदार नालागढ़ ऋषभ शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ डॉ अजय पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
