नदी किनारे पड़ा था शव जांच करने पहुंची पुलिस तो हुआ बड़ा खुलासा

Crime Himachal News Shimla
Dnewsnetwork

हरियाणा के एक युवक की शिमला के रामपुर में मौत हो गई। मामले की जांच में पुलिस ने जहां मृतक की जुराब से हैरोइन बरामद की वहीं जांच में कई खुलासे भी हुए है। एसएसपी गौरव सिहं ने बताया कि शिमला जिला के रामपुर में एक व्यक्ति के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। घटना की जांच करने के लिए जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसकी जुराब में हैरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि रामपुर पुलिस को दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि भगवती होटल के समीप सतलुज नदी के किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान संदीप कुमार निवासी कैथल उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई है। मौके के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने पर उक्त व्यक्ति को सतलुज नदी की ओर जाते हुए तथा रास्ते में फिसलकर गिरते हुए देखा गया है।
मौके से मृतक के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मृतक के जुराब से लगभग 22.26 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) भी बरामद हुई है। अभी तक की जांच में मृतक किसी नशे में ग्रस्त नहीं पाया गया। ऐसा प्रतीत होता है कि मृतक चिट्ठे की इस खेप को स्थानीय युवाओं को बेचने आया था। वहीं जांच में पता चला है कि मृतक के खिलाफ कुल 07 मामले हरियाणा के विभिन्न थानों में दर्ज है, जिनमें से कुल 05 मामले चोरी , एक अभियोग हत्या, हत्या का प्रयास, हथियार अधिनियम व एक अभियोग उदघोषित अपराधी की श्रेणी में दर्ज है । जांच में यह भी पता चला है कि हत्या के मामले में मृतक 06 वर्ष से जिन्द कारागार में सजा काट रहा था तथा उक्त कारागार से 70 दिन के पैरोल पर माह जनवरी 2026 से 21 मार्च 2026 तक रिहा था। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा परिजनों को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

News Archives

Latest News