DNN नाहन
16 अक्तूबर। पांवटा साहिब-नाहन-कालाआंब नेशनल हाइवे पर देर रात हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि, चार लोग घायल हुए हैं। घायलों का मेडिकल कालेज में उपचार चल रहा है। नाहन पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक हादसा जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप पेश आया। जहां टक्कर के बाद कंटेनर पिकअप जीप पर पलट गया। हादसे में जीप चालक सुमित (24) उर्फ अंशुल राजटा पुत्र शेर सिंह राजटा निवासी रियोग, डाकघर बलावग, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जीप में सवार इसी गांव के वंश (16) और सौरव राजटा (21) घायल हो गए। वहीं, कंटेनर चालक रविंद्र सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी हरिओम कलां, डाकघर समराला, जिला लुधियाना पंजाब और क्लीनर अमरजीत सिंह भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा कि जीप देहरादून से सेब बेचकर लौट रही थी। कंटेनर भी इसी दौरान ब्रेड लेकर पांवटा साहिब जा रहा था। इस बीच ये हादसा हो गया।
हादसे की पुष्टि अतिरिक्त थाना प्रभारी नाहन राजविंदर सिंह ने की है। उन्होंने कहा कि घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।















