व्यवसाय एवं प्रबंधन में दोहरी डिग्री के लिए नए शैक्षणिक मार्ग उपलब्ध
Dnewsnetwork
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी, वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी (WSU), ऑस्ट्रेलिया के साथ सहयोग के तहत एक नया अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मार्ग लागू कर रहा है। इसके माध्यम से पात्र छात्रों को नौणी में अपनी स्नातक शिक्षा पूरी करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) डिग्री करने का अवसर मिलेगा।
3.5+1.5 वर्ष के शैक्षणिक मार्ग के तहत छात्र अपनी स्नातक डिग्री के पहले साढ़े तीन वर्ष नौणी में पूरे करेंगे और इसके बाद डेढ़ वर्ष के एमबीए कार्यक्रम के लिए वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी में अध्ययन करेंगे। एमबीए कार्यक्रम के तहत एक वर्ष की पढ़ाई वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के ग्रेटर नोएडा स्थित भारत परिसर में तथा इसके बाद छह माह ऑस्ट्रेलिया में अध्ययन करना होगा। इससे छात्रों को भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों शैक्षणिक वातावरण का अनुभव प्राप्त होगा।
यह नया शैक्षणिक मार्ग नौणी में बीएससी (ऑनर्स) हॉर्टिकल्चर, बीएससी (ऑनर्स) फॉरेस्ट्री, बीटेक बायोटेक्नोलॉजी, बीएससी (ऑनर्स) एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट, बीएससी (ऑनर्स) नेचुरल फार्मिंग तथा बीटेक फूड टेक्नोलॉजी में अध्ययनरत छात्रों के लिए शुरू किया जा रहा है। इसके माध्यम से छात्र कृषि एवं संबद्ध विषयों में प्राप्त अपनी स्नातक शिक्षा के साथ व्यवसाय, प्रबंधन और उद्यमिता से संबंधित विशेष ज्ञान एवं कौशल विकसित कर सकेंगे।
यह शैक्षणिक मार्ग विशेष रूप से अंतरविषयक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया है, जिसके तहत विज्ञान एवं तकनीकी पृष्ठभूमि वाले छात्रों को बिजनेस मैनेजमेंट की समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा। निर्धारित शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने पर छात्र नौणी में अपनी स्नातक शिक्षा के बाद सीधे अंतरराष्ट्रीय MBA कार्यक्रम में आगे बढ़ सकेंगे, जिससे कृषि एवं संबद्ध विज्ञान से व्यवसाय और प्रबंधन तक एक एकीकृत शैक्षणिक मार्ग तैयार होगा।
दो MBA डिग्री प्राप्त करने का अवसर
इस सहयोग के तहत लागू किए जा रहे एक अन्य शैक्षणिक मार्ग में पात्र छात्रों को दो एमबीए डिग्री, एक नौणी से और दूसरी वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी से प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस 1+1.5 वर्ष के शैक्षणिक मार्ग के तहत छात्र एक वर्ष का एमबीए एग्रीबिजनेस/जनरल कार्यक्रम नौणी में पूरा करेंगे, जिसके बाद डेढ़ वर्ष की एमबीए पढ़ाई वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी, ऑस्ट्रेलिया में करेंगे। दोनों विश्वविद्यालयों की निर्धारित शैक्षणिक आवश्यकताओं को सफलतापूर्वक पूरा करने पर छात्रों को दोनों विश्वविद्यालयों से एमबीए की डिग्री प्रदान की जाएगी।
इस सहयोग से नौणी के छात्रों के लिए डॉक्टरेट स्तर पर भी अवसर उपलब्ध हुए हैं। विश्वविद्यालय के दो पीएचडी छात्र, विजय और सुजीत, वर्तमान में वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी डुअल डिग्री कार्यक्रम कर रहे हैं, जबकि तीन अन्य छात्रों का प्रवेश हेतु चयन हुआ है। वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी की बिजनेस शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है तथा उसके बिजनेस स्कूल को Association to Advance Collegiate Schools of Business (AACSB) की मान्यता प्राप्त है, जो बिजनेस स्कूलों और बिजनेस कार्यक्रमों के लिए एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की मान्यता है। ये नए शैक्षणिक मार्ग नौणी और वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को और मजबूत करेंगे तथा छात्रों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव, अंतरविषयक शिक्षा और उच्च शिक्षा के नए अवसर प्रदान करेंगे।
एमबीए स्व-वित्तपोषित सीटों के लिए वॉक-इन इंटरव्यू 24 सितंबर को
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में एमबीए स्व-वित्तपोषित सीटों पर प्रवेश के लिए वॉक-इन इंटरव्यू 24 सितंबर, 2026 को एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट विभाग, नौणी में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी के पास सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त किसी विश्वविद्यालय/संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक डिग्री, न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक या समकक्ष सीजीपीए के साथ होना आवश्यक है। एससी/एसटी/दिव्यांगजन श्रेणी के अभ्यर्थियों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।














