DNN शिमला (रमेश वर्मा)
हिमाचल प्रदेश के सेब सीजन पर ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल की भारी मार पड़ रही है। सेब तैयार है पर मंडियों में पहुंचाने के लिए ट्रक ही उपलब्ध नहीं। इससे सेब बागवानों के साथ प्रदेश को बड़ी आर्थिक चपत लग रही है। अगर जल्दी हड़ताल खत्म नहीं हुई तो बागवानों का करोड़ों रुपये का सेब खराब हो जाएगा। इसे देखते हुए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र लिखा है। सुक्खू ने पत्र में जयराम सरकार से ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल जल्दी खत्म कराने की मांग की है। सेब सीजन अपने चरम पर है। ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल का इस पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है। बागवान हड़ताल के चलते एक सप्ताह से भारी नुकसान उठा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले में हस्तक्षेप कर हड़ताल जल्दी खत्म कराने की मांग की है ताकि प्रदेश के सेब बागवानों को होने वाले बड़े नुकसान से बचाया जा सके। प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में काफी हद तक सेब की फसल का योगदान रहता है। अगर हड़ताल लंबी चली तो इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था निश्चित तौर पर प्रभावित होगी।
मुख्यमंत्री ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल को लेकर केंद्र सरकार से बातचीत करें। उन्हें ऑपरेटरों के साथ बातचीत कर समस्या का समाधान निकालना चाहिए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर केंद्र सरकार के समक्ष ट्रक ऑपरेटरों की समस्या रखने के साथ ही सेब सीजन के चरम पर होने बारे भी केंद्र सरकार को अवगत कराएं। ताकि जल्दी कोई समाधान निकले। सेब सीजन का निश्चित समय होता है, उसे आगे-पीछे नहीं किया जा सकता। सेब तैयार हैं और उन्हें जल्दी मंडियों में पहुंचाना जरूरी है, चूंकि बरसात का मौसम होने के कारण तुड़ान के बाद सेबों को अधिक समय तक स्टोर में नहीं रखा जा सकता। ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल को सीएम गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार से तत्काल बातचीत करें। ताकि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सेब बागवानों को बर्बाद होने से बचाया जा सके। सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार ट्रक ऑपरेटरों की यूनियन से बातचीत कर बीच का रास्ता निकाल सकती है।



















