DNN सोलन
सोलन शहर में बुधवार को एक बड़ा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विजय फोरम संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सोलन शहर में विभिन्न सामाजिक कार्यों में लगी 100 से अधिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में विजय फोरम के चेयरमैन व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य तरसेम भारती ने विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। अहम बात यह रही कि तरसेम भारती के जन्मदिन के मौके पर उनकी संस्था विजय फॉर्म द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सोलन के समाजसेवी लोगों की उपस्थिति के बहाने तरसेम भारती ने अपनी राजनैतिक ताकत का एहसास भी लोगों को करवा दिया है।
सोलन से भाजपा के टिकट के दावेदार तरसेम भारती पिछले कई वर्षों से विभिन्न सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं और उनकी संस्था द्वारा यहां पर समय-समय पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करवाते जाते रहे हैं। ऐसे में सोलन की राजनीति में तरसेम भारती कोई नया नाम नहीं है।
बुधवार को जन्मदिन के बहाने तरसेम भारती ने न केवल राजनीतिक दल भाजपा बल्कि अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं को अपनी ताकत का एहसास करवा दिया है। बुधवार को आयोजित हुए इस कार्यक्रम में सोलन क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाली 100 से अधिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कई संस्थाओं ने तरसेम भारती को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं भी दी। हालांकि तरसेम भारती का कहना है कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि उनकी संस्था द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह था। लेकिन इस सम्मान समारोह में सोलन के हर वर्ग के व्यक्ति की उपस्थिति ने यह जरूर साबित कर दिया है कि सोलन की राजनीति में तरसेम भारती की जड़े दिनोंदिन मजबूत होती जा रही है। आगामी समय में भारतीय जनता पार्टी उन्हें टिकट देती है या नहीं यह तो पार्टी का अंदरूनी मामला है लेकिन इतना जरूर है कि तरसेम भारती के इस कार्यक्रम के बाद यहां पर सक्रिय हो रही आम आदमी पार्टी के नेताओं की नजर जरूर उन पर पड़ गई हैं। ऐसे में आगामी समय में इस कार्यक्रम का सोलन की राजनीति में क्या असर पड़ता है इस पर सबकी निगाहें लगी हैं।














