छात्रों का भविष्य अंधकार में लटका, बिना शिक्षक कैसे होगी पढ़ाई

Education Kullu

DNN आनी
बुधवार को राजकीय महाविद्यालय आनी में पूर्व छात्र संघ,एससीए और छात्र संगठनों की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया । बैठक में महाविद्यालय में चल रही विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। राजकीय महाविद्यालय आनी में छात्रों का भविष्य अंधकार में लटक गया है। बेहतरीन शिक्षा देने के सरकार भले ही लाखों दावे कर ले लेकिन इन दावों की धरातल पर पोल खुलती नजर आ रही है। बात चाहे प्राथमिक शिक्षा संस्थानों की हो या फिर उच्चतर शिक्षा संस्थानों की हर जगह यही आलम है । आनी महाविद्यालय में सहायक आचार्य भौतिक विज्ञान,अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण पद पिछले छ महीनों से खाली चल रहे हैं । इन पदों के खाली के चलते अभिभावकों का शिक्षा विभाग व सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है। बच्चों की लगातार पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जबकि विभाग ने सहायक आचार्य भौतिक विज्ञान के तबादला आदेश 15 सितम्बर को राजकीय महाविद्यालय कुल्लू से व अर्थशास्त्र के सहायक आचार्य के आदेश 25 सितम्बर को राजकीय महाविद्यालय ज्यूरी से महाविद्यालय आनी के लिए हो चुके हैं । लेकिन काफ़ी समय बीत जाने के बाद भी इन सहायक आचार्यों ने अपनी उपस्तिथि नहीं दी है । इससे यहाँ के सैंकड़ों अध्ययनरत विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटका है । लेकिन विभाग व सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाती नजर नहीं आ रही है । कॉलेज की छात्र संघ इकाई के उपाध्यक्ष शिवानी ठाकुर ने आरोप लगया है कि राजनीति में ऊंची पहुंच के कारण अक्सर ऐसे मामले सामने आते हैं । आदेशों के बाबजूद भी शिक्षक अपनी एडजस्टमेंट के चक्कर मे लगे रहते हैं जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होती है । शिवानी ने कहा कि छात्र कई बार खाली पदों को जल्दी भरने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस बनी हुई है । उन्होंने कहा कि इससे छात्रों और अभिवावकों में रोष की भावना है । ऐसे में छात्र मजबूरन पलायन करते हैं । साथ ही खेल मैदान का निर्माण कार्य भी धीमी गति से चला है जिससे खिलाड़ियों को काफ़ी दिक्कतें पेश आ रही हैं । सरकार और विभाग को चाहिए कि इस ओर थोड़ा ध्यान दें । इस बारे में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० रोशन लाल ने कहा भौतिक विज्ञान और अर्थशास्त्र विषयों के सहायक आचार्यों के आदेश प्राप्त होने के बाद अभी तक इन आचार्यों ने अपनी उपस्तिथि नहीं दी है जबकि समाजशास्त्र के सहायक आचार्य का पद खाली चल रहा है । इस बारे विभाग को सूचित किया गया है। इन महत्वपूर्ण विषयों के प्राध्यापक न होने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।

News Archives

Latest News