DNN सोलन
14 नवंबर 2022 को बाल दिवस के उपलक्ष्य पर पी एन एन एम गीता आदर्श विद्यालय के सभागार में पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधान एल के बंसल,उप प्रधान डी एन गुप्ता,उप प्रधान श्री अरुण गोयल, सचिव पी एल गुप्ता बी एल शर्मा जे पी शर्मा,एस के गुप्ता, गणमान्य सदस्य, विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ स्नेह शर्मा,सह प्रधानाचार्या पंपोश गुप्ता, अभिभावक वर्ग मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ स्नेह शर्मा ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावक वर्ग, मीडिया वर्ग तथा विद्यार्थियों का हार्दिक अभिनन्दन किया। उन्होंने कहा कि आज हम बाल दिवस के सुअवसर पर पारितोषिक वितरण समारोह मना कर विद्यार्थियों को प्रेरित कर रहे हैं।

इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना, राजस्थानी नृत्य तथा वाद्ययंत्रो की मंत्र मुग्ध प्रस्तुति प्रस्तुत की गई। हिन्दी पखवाड़े तथा अंग्रेजी सप्ताह में अव्वल रहे विद्यार्थियों द्वारा कविता वाचन किया गया। वर्ष भर में होने वाली प्रतियोगिताओ (सांस्कृतिक, शैक्षिक,खेल संबंधी, हिंदी पखवाड़ा, अंग्रेजी सप्ताह, दीपावली संबंधित, फैंसी ड्रेस आदि) में अव्वल रहे विद्यार्थियों, विद्यालय की परीक्षाओं तथा बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र तथा पुरस्कार प्रदान किए गए। दसवीं तथा बारहवीं सी बी एस ई बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद रूप से 50,000 रुपयों की राशि वितरित की गई।
विद्यालय के प्रधान एल के बंसल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़ कर भागीदारी निभानी चाहिए। विद्यालय के प्रांगण में स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा भिन्न भिन्न विषयों संबंधी प्रदर्शनी लगाई गई जिसमें लगभग प्रत्येक विद्यार्थी ने अपनी भागीदारी निभाई। विद्यालय की सह प्रधानाचार्या पंपोश गुप्ता ने सभागृह में मौजूद प्रबुद्ध जनता का सहृदय धन्यवाद किया जिन्होंने अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकाल कर इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विद्यालय के गणमान्य सदस्यो ने विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी की भूरि भूरि प्रशंसा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















