कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने के बाद गृह क्षेत्र पहुंचे वेटलिफ्टर विकास ठाकुर को राजेंद्र राणा ने किया सम्मानित

Hamirpur Himachal News Others
DNN सुजानपुर
16 अगस्त बर्मिंघम में कॉमनवेल्थ गेम में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को सिल्वर मेडल दिलाने वाले विकास ठाकुर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष व विधायक राजेंद्र राणा ने शॉल टोपी पहना कर सम्मानित करने के अलावा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधायक राजेंद्र राणा ने कहा है कि सुजानपुर की ऐतिहासिक माटी से निकले विकास ठाकुर ने देश और प्रदेश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है। सुजानपुर के सूरमा खिलाड़ी ने लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम में हिमाचली प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर की पटनौण ग्राम पंचायत से संबंधित वेटलिफ्टर विकास ठाकुर को उनके द्वारा संचालित सर्वकल्याणकारी संस्था शाने-ए-हिंद अवार्ड से नवाज चुकी है। विकास ठाकुर देश भर के खिलाडिय़ों के प्रेरणा स्त्रोत बने
हैं।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के ज़िला हमीरपुर के विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर की ग्राम पंचायत पटनौण के रहने वाले वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने इस दफा काॅमनवेल्थ गेम्स में 96 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मैडल जीत कर इतिहास रचा है। विकास ने लगातार यह तीसरी बार काॅमनवेल्थ गेम्स में मैडल अपने नाम किया है। वह इससे पहले 2014 में 85 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर और 2018 में 94 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीत चुके हैं। विकास ठाकुर भारतीय वायु सेना में सेवारत हैं। काॅमनवेल्थ गेम्स 2022 में देश के लिए हिमाचल के किसी खिलाड़ी का यह पहला मैडल है। वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने पुरुषों के 96 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मैडल जीता है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में यह भारत का 12वां मैडल है। भारत को अब तक कॉमनवेल्थ गेम्स में 12 पदक मिल चुके हैं। भारत ने 4 गोल्ड, 3 सिल्वर और 3 कांस्य पदक जीते हैं। विकास ठाकुर इससे पहले वेटलिफ्टिंग में कई रिकाॅर्ड अपने नाम कर चुके हैं। वेटलिफ्टिंग में काॅमनवेल्थ गेम्स में पुरुष वर्ग में लगातार 3 पदक जीतने का रिकाॅर्ड भी विकास के नाम है। वेटलिफ्टिंग पुरुष वर्ग में ऐसा कारनामा करने वाले वह इकलौते भारतीय हैं।

News Archives

Latest News