कांगड़ा में पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित

Kangra Others

DNN धर्मशाला (कांगड़ा) ब्यूरो

06 नवम्बर। एसडीएम कांगड़ा अभिषेक वर्मा(आईएएस) ने जानकारी दी है कि दीपावली पर्व केे मद्देनजर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव और जन सुरक्षा के लिए उपमंडल कांगड़ा के अंतर्गत तहसील कांगड़ा में पटाखों की ब्रिकी चिन्हित स्थानों पर ही की जायेगी। उन्होंने बताया कि कांगड़ा में नगर परिषद् मैदान तथा गगल में कम्युनिटी सेंटर भवन प्रांगण को पटाखों की बिक्री के लिए चिन्हित किया गया है। वर्मा ने बताया कि चिन्हित स्थानों में पटाखों की बिक्री के लिए अनुमति हेतु आवेदन किसी भी कार्य दिवस को 10 नवम्बर, 2020 से पूर्व एसडीएम कांगड़ा के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार के आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। लाईसेंस एवं अनुमति प्राप्त पटाखा विक्रेता ही उक्त स्थानों पर पटाखे बेच सकेगें। पंचायत प्रधानों को भी पंचायत क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री खुले स्थान पर करवाना सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि पटाखों की बिक्री के लिए प्रातः 10 बजे से सायं आठ बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। एसडीएम ने बताया कि चिन्हित स्थानों के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी और इसकी अनुपालना न करने वालों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। उन्होंने बताया कि उच्चतम न्यायलय के आदेशानुसार रात 10 बजे के बाद पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध रहेगा।

News Archives

Latest News