DNN सोलन
31 दिसंबर की रात सोलन जिला की सड़कों पर शराब के नशे में किसी को भी हुड़दंग नहीं मचाने दिया जाएगा। रात के समय कानून व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस पूरी रात शहर के विभिन्न हिस्सों व विशेषतौर पर कालका-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर गश्त करेगी। पुलिस कर्मचारी शहर की सड़कों पर सुबह 6 बजे तक तैनात रहेंगे। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर विशेष नाके भी रहेंगे। परवाणू से लेकर कंडाघाट तक सोलन पुलिस ने स्थानीय पुलिस के अलावा 5 रिजर्व तैनात कर दी है। जानकारी के अनुसार हर साल नववर्ष मनाने के लिए दौरान मैदानी क्षेत्रों हरियाणा, पंजाब, दिल्ली चंडीगढ़ सहित अन्य राज्यों से पर्यटक भारी संख्या में हिमाचल आते है। ऐसे में कुछ पर्यटक शराब पीकर के नशे में हुड़दंग करते है। जिसके कारण क्षेत्र का माहौल खराब होता है। हर वर्ष इस दौरान लड़ाई व हादसे होते है। जिसे देखते हुए कानून व्यवस्था बनाने के लिए सोलन पुलिस ने कमर कस ली है। एएसपी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि नववर्ष के लिए सोलन पुलिस पूरी तरह से तैयार है। हाइवे व पर्यटन स्थल चायल व कसौली में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। किसी को भी हुड़दंग नहीं मनाने दिया जाएगा। हाइवे पर 5 पुलिस रिजर्व तैनात रहेगी।