DNN कांगड़ा
12 सितंबर मेलों के दौरान झूले गिरने की घटनाएं पिछले कुछ समय से आम होने लगी हैं। हाल ही में मोहाली में झूला गिरने का मामला सामने आया था। हालांकि गनीमत यह रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं अब कांगड़ा जिला के देहरा में भी झूला गिरने के कारण एक मां बेटी सहित एक व्यक्ति के घायल होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कांगड़ा जिला के देहरा के नक्की खड्ड में लगे मेले के दौरान अचानक से झूला गिर गया। जिसके कारण 3 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए परागपुर अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि झूले की शाकेट टूटने के कारण यह झूला गिरा। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा कर आगामी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी थी। एसडीएम देहरा संकल्प गौतम ने कहा कि उन्हें ऐसी घटना की जानकारी मिली है जिसको लेकर पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
