DNN सोलन (पूजा वर्मा)
24 जून । 2 वर्ष बाद सोलन में शूलिनी मेला धूमधाम से शुरू हो गया है। कोरोना के चलते 2 सालों से मेला मात्र परंपरा को पूरा करने के लिए मनाया जाता रहा है। इस बार सरकार द्वारा मेला मनाने की छूट मिलने के बाद सोलन शहर में शूलिनी मेले की धूम दिखाई दे रही है। हर वर्ष माता शूलिनी अपनी बहन से मिलने के लिए जून के महीने में निकलती है और इसी के साथ सोलन में तीन दिवसीय शूलिनी मेला शुरू होता है माता के वापस अपने घर लौटने पर मेला संपन्न होता है।

सोलन की अधिष्ठात्री देवी मां शूलिनी में अपार श्रद्धा एवं विश्वास का प्रतीक तीन दिवसीय राज्य स्तरीय शूलिनी मेला आज सोलन में हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ आरम्भ हुआ। मेले में पारम्परिक एवं रंग-बिरंगे परिधानों में सैंकड़ों लोग प्रसिद्ध मां शूलिनी मन्दिर में एकत्र हुए और मंगलमयी शोभायात्रा में भाग लिया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मन्त्री डाॅ. राजीव सैजल ने पुरानी कचहरी में मां शूलिनी की सुसज्जित पालकी की प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों की ओर से अगुवाई की। उन्होंने पवित्र शोभायात्रा में भी भाग लिया। उन्होंने बघाट शहरी सहकारी बैंक से मां की पवित्र पालकी पर पुष्प वर्षा की।

इस अवसर पर सोलन शहर के विभिन्न स्थानों पर तीन दिनों तक भण्डारे भी आयोजित किए जाते हैं। सांस्कृति कार्यक्रमों के अतिरिक्त बैडमिंटन, वाॅलीबाल, कुश्ती प्रतियोगिताएं मेले के अन्य मुख्य आकर्षण होंगे।















