अग्निपथ योजना पर रामलाल ठाकुर का तंज, कहा-4 साल बाद अग्निवीरों को शादी के लिए भी नहीं देंगे लड़कियां

Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

26 जून। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति के चेयरमेन एवं पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर ने रविवार को जिला मुख्यालय नाहन में पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान रामलाल ठाकुर ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा, तो वहीं यह भी कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के साथ कांग्रेस विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी। इस बीच उन्होंने बीजेपी नेताओं पर झूठे नारे देकर प्रदेश में होने वाले चुनाव को भी प्रभावित करने का आरोप लगाया।
मीडिया से बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति के चेयरमेन राम लाल ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सहित केंद्र के अन्य नेता जनता से झूठे नारे व लोक लुभावने वायदे कर प्रदेश में होने वाले चुनाव को प्रभावित करने के कार्य में जुट गए है। जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में किए गए वायदें भी आज तक पूरे नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेश को 69 नेशनल हाईवे देने का ऐलान किया था, लेकिन आज तक वो भी नहीं मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि देश सहित प्रदेश में बेरोजगारी का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। किसान परेशान है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर बात नहीं कर रही है।
राम लाल ठाकुर ने इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार की अग्निपथ भर्ती योजना को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना के चलते फ़ौज में जाने वाले युवा 4 साल बाद बेरोजगार हो जाएंगे। ऐसे में इन युवाओं पर क्या बीतेगी। हालात यह हो जाएंगे कि इन अग्निवीरों को बेरोजगार होने के बाद लोग शादी के लिए लड़कियां भी नहीं देंगे। ऐसे जनविरोधी फैसले लेकर सरकार देश को तबाह करने की तरफ ले जा रही है। राम लाल ठाकुर ने इस बीच प्रदेश की जयराम सरकार पर भी निशाना साधा और सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया।
वहीं पत्रकारवार्ता में सिरमौर कांग्रेस में उपजी गुटबाजी को लेकर पूछे सवाल पर राम लाल ठाकुर ने कहा कि जहां चार बर्तन होते है, तो वह खड़क भी जाते है, लेकिन अब हालात बिल्कुल ठीक है और जिला में भी कांग्रेस एकजुट है।

News Archives

Latest News