डीएनएन बददी
दून विधायक परमजीत पम्मी ने हलके के तहत पडऩे वाले गांव बल्याणा का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। परमजीत ने कहा कि दून हलके में विकास को तेज करने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठके शुरू कर दी गई है ताकि सरकार के प्रथम सौ दिन में क्षेत्र की सभी सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य सभी मुद्दों का खाका तैयार कर उन पर समयवद्ध तरीके से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा पर्यास है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को भी सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। विधायक ने क्षेत्र में नलकूप की समस्या को जल्द हल करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने बल्याणा क्षेत्र के साथ जमकर भेदभाव किया है, जबकि भाजपा सरकार पूरे क्षेत्र में समान विकास करवाएगी। इससे पहले उक्त पंचायतों में पहुंचने पर विधायक का ग्रामीणों ने गाजे बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गौर से सुना व संबधित विभागों को समस्याओं के बारे में बताया व चरणबद्ध तरीके से इसको पूरा करने को कहा।















