DNN नाहन(अब्दुल )
21मार्च। हिमाचल प्रदेश में सवर्ण आयोग के गठन को लेकर देवभूमि क्षेत्रीय संगठन व देवभूमि सवर्ण संगठन के नेताओं व कार्यकर्ताओं की हाल ही में गिरफ्तारी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सवर्ण नेताओं व कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में आज दोपहर जिला मुख्यालय नाहन में संगठन के बैनर तले सवर्ण समाज के सैंकड़ों लोगों ने मौन प्रदर्शन किया। काली पट्टियां बांधकर सवर्ण समाज के लोगों ने चौगान मैदान से डीसी कार्यालय तक शांतिपूर्वक विरोध रैली निकाली और डीसी सिरमौर के माध्यम से प्रदेश के महामहिम राज्यपाल को इस संदर्भ में एक ज्ञापन सौंप जल्द से जल्द सवर्ण समाज के नेताओं व कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग की।दरअसल हाल ही में शिमला में सवर्ण आयोग के गठन के मामले में हिंसा व धरना देने के मामले में पुलिस ने देवभूमि क्षेत्रीय संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रूमित सिंह ठाकुर सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसका प्रदेश भर में पुरजोर विरोध किया जा रहा है। साथ ही गिरफ्तार किए गए लोगों को तुरंत रिहा करने की मांग की जा रही है।
मीडिया से बात करते हुए देवभूमि सवर्ण संगठन के प्रदेश महामंत्री सीता राम शर्मा ने कहा कि पिछले करीब 3 सालों से प्रदेश में सवर्ण समाज अपने हकों के लड़ाई लड़ते हुए सवर्ण आयोग के गठन की मांग कर रहा है। ऐसे में हाल ही में शिमला में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे संगठन के नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफतार करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया है, जिसमें गिरफतार किए गए नेताओं व कार्यकर्ताओं को रिहा करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रित तरीके से भी मांग उठाने वालों को परेशान कर रही है। उन्होंने राज्यपाल से उम्मीद जताई कि जल्द ही संगठन की मांग को पूरा किया जाएगा। सीता राम शर्मा, प्रदेश महामंत्री, देवभूमि सवर्ण संगठन
बता दें कि देवभूमि क्षेत्रीय संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रूमित सिंह ठाकुर सहित 11 लोगों को पुलिस ने शिमला में किए गए प्रदर्शन के विरोध में विभिन्न धाराओं के तहत गिरफतार किया है, जिसका जिला सिरमौर में भी पिछले तीन दिनों से लगातार विरोध किया जा रहा है। राजगढ़, ददाहू में प्रदर्शन के बाद आज जिला मुख्यालय नाहन में भी सवर्ण समाज के लोगों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए गिरफतार किए कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग की।















