डीएनएन कंडाघाट (लवली)
कंडाघाट में शिक्षा ग्रहण कर रही एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ करना व धमकी देना एक युवक को महंगा पड़ गया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर अंकुश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार कंडाघाट में पढऩे वाली छात्रा सायं करीब 8 बजे अपनी सहेली के साथ कंडाघाट बाजार से अपने कमरे की ओर जा रही थी। इस दौरान अंकुश छात्रा पर फब्तियां कसने लग गया। छात्रा ने पुलिस को बताया कि पहले तो आरोपी उस पर फब्तियां कसने लगा और जब उसने विरोध किया तो उसने धमकी दी कि यह कंडाघाट क्षेत्र है और यहां रहना है तो सही ढंग से रहना होगा। इतना सुनकर छात्रा डर गई व रोने लग गई।

सड़क पर रो रही छात्रा पर सब इंस्पैक्टर कंडाघाट नंदलाल की नजर पड़ गई। नंदलाल उस समय सीरीनगर मार्ग पर गश्त कर रहे थे। छात्रा ने अपने साथ घटी घटना बारे सब इंस्पैक्टर को बताया तथा आरोपी की गाड़ी का नंबर भी बताया। इसके बाद छात्रा ने अपने सहेली के साथ थाने जाकर मामला दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पक ड़ लिया व कंडाघाट थाने ले गई। सब इंस्पैक्टर ने बताया कि छात्रा के साथ छेड़छाड़ व धमकी देने वाले युवक को रात को ही गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।















